जिन पावर बाइक से करते थे वारदात, उन्हीं पावर बाइक के कारण पकड़े गए: दो बदमाशों को पुलिस के पकड़ने से पहले ही मिली गुनाहों की सजा
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर की हिरणमगरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित 7 चेन स्नैचर्स को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले 10 दिनों में इन बदमाशों ने पावर बाइक का उपयोग कर उदयपुर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में चेन और पर्स स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया था। गिरोह का सरगना इतना शातिर कि हर वारदात में बाइक और बाइक राइडर बदल देता था, ताकि पहचान जल्दी उजागर न हो। 9 बदमाशों के इस गिरोह में पुलिस ने सरगना सहित 7 को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दो की जानकारी जुटायी तो पता चला कि वे हॉस्पिटल में भर्ती हैं। वे दोनों आरोपी भी पुलिस निगरानी में हैं। इस वारदात के खुलासे में पुलिस की “टीम टारगेट” की मुख्य भूमिका रही है, जिसे चेन स्नैचर को पकड़ने का टारगेट दिया गया था। udaipur hiranmagri police arrest 7 chain snatchers busted chain snatchers gang
पावर बाइक पर करते थे चेन स्नैचिंग, ताकि पलक झपकते ही गायब हो जाएं
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि चेन स्नैचिंग गिरोह का सरगना नाई के छोटी उंदरी निवासी भैरुलाल मीणा पुत्र कालूलाल, जितेन्द्र उर्फ जितू पुत्र शिवाजी मीणा, सवीना सेक्टर-9 निवासी गोविन्द मीणा पुत्र कालूलाल, गोवर्धन विलास नेला गांव निवासी सुनील सिंह पुत्र बहादुर सिंह, बारापाल निवासी सुनील मीणा पुत्र बद्रीलाल, उदयसागर के पास पनवाड़ी निवासी पुष्कर पुत्र लेहरीलाल मीणा को गिरफ्तार कर एक अपचारी को डिटेन किया गया है। गिरोह के खुलासे में डीएसपी छगन पुरोहित, हिरणमगरी थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में “टारगेट टीम” के हेडकांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, भगवतीलाल, कांस्टेबल राज कुमार जाखड, नंदकिशोर, किरेन्द्र सिंह, हेमेन्द्र, कल्पेश, विजय सिंह, प्रताप सिंह की मुख्य भूमिका रही है।
आरोपियों ने बीते दिनों में सवीना, हिरणमगरी और घंटाघर थाना क्षेत्र में 5 वारदातें करना कबूल किया है, अन्य वारदातों के संबंध में भी इनसे पूछताछ जारी है। पकड़े गए सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं। नाबालिग अपचारी सहित पकड़े गए सातों बदमाशों के खिलाफ पूर्व में भी लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य संगीन धाराओं में मुकदमें दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से चेन और पर्स स्नैचिंग में उपयोग होने वाली दो केटीएम बाइक और दो स्पेंडर बाइक बरामद की हैं, जिनमें दो बाइक चोरी की हैं। गौरतलब है कि रविवार को सुखेर थाना पुलिस ने भी उनके क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
बाइक से ही चिह्नित हुए बदमाश
एडि.एसपी उमेश ओझा ने बताया कि लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की वारदातों के खुलासे के लिए पुलिस की एक टारगेट टीम बनायी गयी थी। इस टीम को चेन स्नैचिंग गिरोह का खुलासा करने का ही टारगेट दिया गया था। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चेन स्नैचिंग के सीसीटीवी फुटेज के जरिए टीम ने दो केटीएम बाइक चिह्नित कीं, जिन पर टूटी नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस ने शहर में मौजूद 100 से अधिक केटीएम बाइक सवारों की पड़ताल कर आरोपियों को चिह्नित कर उन्हें धर दबोचा। जैसे ही एक आरोपी पकड़ा गया, पूरे गिरोह का खुलासा हो गया।
डीएसपी छगन पुरोहित ने बताया कि बदमाश हर वारदात में बाइक और राइडर बदल देते थे। पावर बाइक का उपयोग इसलिए करते ताकि चेन स्नैचिंग के बाद भागने में आसानी हो। अलग-अलग बाइक और बाइक राइडर वारदात करते ताकि गिरोह या सरगना चिह्नित न हो। लेकिन बदमाशों के इसी तरीके को पुलिस ने चिह्नित किया और आरोपियों को धरदबोचा।
दो आरोपी हॉस्पिटल में भर्ती
जानकारी के अनुसार दो आरोपी रोशनजी की बाड़ी सवीना निवासी राजेश मीणा पुत्र लक्ष्मण और डाकन कोटड़ा निवासी महेन्द्र पुत्र कमलचंद को उनके गुनाहों की सजा पुलिस के पकड़ने से पहले ही मिल गयी। दोनों ही हॉस्पिटल में भर्ती हैं। महेन्द्र एक एक्सीडेंट का शिकार हुआ, जिसमें ब्लास्ट में उसकी आंख खराब हो गयी है, वहीं राजेश ने भी फिनाइल पीकर और गला काटकर मरने की कोशिश की। ये दोनों ही अब पुलिस निगरानी में हैं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

