एरियर राशि का 30 प्रतिशत हिस्सा रिश्वत में मांगा
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) उदयपुर की टीम ने सोमवार को डूंगरपुर में पेंशन विभाग में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर गोविन्द कुमार घाटिया को 20 हजार रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वन विभाग में कार्यरत रहे कर्मचारी की मृत्यु के बाद उनकी पेंशन से बने एरियर के 2 लाख 59 हजार रूपए पास करने की एवज में 90 हजार रूपए रिश्वत मांगी थी। udaipur ACB Trap: acb arrest computer operator of Pension department for taking bribe in dungarpur
एसीबी एडीजी स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी ने एसीबी कार्यालय उदयपुर आकर शिकायत दी थी। जिसमें बताया था कि परिवादी वन विभाग उदयपुर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। उसे यह नौकरी उसके पिता की मृत्यु के पश्चात उनकी जगह पर अनुकंपात्मक नियुक्ति के तौर पर मिली है। उसके पिता की पेंशन का लगभग 2 लाख 59 हजार रूपये का एरियर बना था, जिसको पास करवाने के लिये परिवादी ने अप्रेल 2025 में पेंशन विभाग डूंगरपुर आवेदन किया। जहां कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर गोविन्द घाटिया ने पेंशन एरियर के 2 लाख 59 हजार रूपये पास कराने की एवज में 90 हजार रूपए रिश्वत मांगी।
रिश्वत नहीं देने पर विधवा महिला की पेंशन रोक किया परेशान
परिवादी ने बताया कि उसने रिश्वत देने से मना कर दिया, एरियर राशि उसकी मां के बैंक खाते में मई 2025 में आ गयी, लेकिन उसकी मां को प्रति माह मिलने वाली पिताजी की पेंशन आनी बंद हो गयी। परिवादी ने पेंशन विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर गोविन्द घाटिया से संपर्क किया तो उसने तीन किश्तों में 30-30 हजार रूपए रिश्वत राशि मांगी और रिश्वत नहीं देने पर पेंशन शुरू करने के लिये मना कर दिया। कंप्यूटर ऑपरेटर गोविन्द घाटिया ने परिवादी से स्पष्ट कहा पहले वाले रूपये दे देते तो पेंशन बन्द नहीं होती। अब अगर पेंशन शुरू करवानी है तो टुकडो टुकडों में तीस-तीस हजार रूपये देने पड़ेंगे।
परिवादी की शिकायत का एसीबी ने सत्यापन करवाया। रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर एसीबी एडि.एसपी अनंत कुमार के नेतृत्व में एसीबी टीम ने ट्रेप कार्यवाही करते हुए पेंशन विभाग के कोष कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर गोविन्द घाटिया को कार्यालय कक्ष में परिवादी से 20 हजार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

