Site iconSite icon AR Live News

स्वतंत्रता दिवस राज्य स्तरीय समारोह में मिर्ची बड़ों का सीएम ने किया जिक्र

happy Independence Day state level program held in jodhpur cm bhajan lal sharma flag hoistinghappy Independence Day state level program held in jodhpur cm bhajan lal sharma flag hoisting

जोधपुर,(एआर लाइव न्यूज)। 79वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह जोधपुर के बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में हर्षोल्लास से मनाया गया। राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के बाद मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी गार्ड द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली। happy Independence Day

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बरकतुल्लाह खान स्टेडियम पहुंचने से पहले जोधपुर के जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय स्थित शहीद स्मारक पहुंचे और पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने यहां विजिटर्स बुक में संदेश लिखते हुए देश की रक्षा में वीरगति को प्राप्त सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। राज्य स्तरीय समारोह में अपने संबोधन में जोधपुर की मावे की कचौरी, मिर्ची बड़े का जिक्र करते हुए सीएम भजनलाल ने कहा मावे की कचौरी, मिर्ची बड़े के साथ ही यहां के स्वादिष्ट व्यंजन प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया में प्रसिद्ध हैं। समारोह में मुख्यमंत्री ने एडीजी एटीएस एवं एसओजी विजय कुमार सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया।

सीएम ने राज्य स्तरीय समारोह में हुए उनके संबोधन में केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश को ऊर्जा में आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। राजस्थान एकीकृत स्वच्छ ऊर्जा नीति-2024 जारी की गई है, जो 2030 तक प्रदेश के अक्षय ऊर्जा उत्पादन को 125 गीगावाट के स्तर तक ले जाने में बड़ी भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार 5 साल में 53 हजार किलोमीटर सड़क नेटवर्क तैयार करेगी। अटल पथ, रिंग रोड और ब्रिज निर्माण से सड़कों का एक मजबूत नेटवर्क तैयार हो रहा है। ग्रामीण सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए 1300 गांवों को डामर सड़कों से जोड़ा गया एवं 6 हजार 330 किलोमीटर लंबी मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण किया गया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जोधपुर को शौर्य, साहस और संस्कृति की भूमि बताते हुए कहा कि जोधपुर विरासत और विकास की मिसाल है। जोधपुर की मावे की कचौरी, मिर्ची बड़े के साथ ही यहां के स्वादिष्ट व्यंजन प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश.दुनिया में प्रसिद्ध हैं। उन्होंने कहा कि जोधपुर हस्तशिल्प का भी एक प्रमुख केंद्र है। यहां की लकड़ी की कलाकृतियां, कालीन और आभूषण इसे खास पहचान दिलाते हैं।

राज्य स्तरीय समारोह में सीएम भजनलाल शर्मा ने ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण किया और मार्चपास्ट की सलामी ली। इस दौरान एमआई-17 हेलीकॉप्टर से राष्ट्रीय ध्वज पर पुष्पवर्षा की गई। परेड में उत्तर प्रदेश पुलिस, हाड़ी रानी महिला बटालियन, जोधपुर पुलिस आयुक्तालय, केन्द्रीय कारागार सहित विभिन्न पुलिस बलों, आरएसी, एनसीसी, स्काउट.गाइड, होमगार्ड एवं स्कूल की टुकड़ियों ने भाग लिया। परेड का नेतृत्व आईपीएस श्री हेमंत कलाल ने किया।

समारोह में राजस्थान के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल एवं गुजरात से आए लोक कलाकारों ने कोरियोग्राफर नरेश कुमार के निर्देशन में मनोहारी लोक प्रस्तुतियां दीं, वहीं प्रदेश भर से आए स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति परक गीतों की धुन पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम में घुड़सवारी शो, कैमल टैटू शो, सशस्त्र बलों द्वारा हथियारों का प्रदर्शन आकर्षण का केन्द्र बनें। भव्य समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, अमृता देवी राज्य जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री जसवंत बिश्नोई, सांसद पीपी चौधरी, राजेन्द्र गहलोत, विधायक अतुल भंसाली, देवेन्द्र जोशी, बाबू सिंह राठौड़, अर्जुन लाल गर्ग, पब्बाराम बिश्नोई, मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, जोधपुर संभागीय आयुक्त डॉ प्रतिभा सिंह सहित अन्य गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

Exit mobile version