हंसते मुस्कुराते अधिकारी पहुंचे थे मीटिंग में, मंत्री की डांट सुनकर उड़ी हवाइयां
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के सज्जनगढ़ लॉयन सफारी में फेंसिंग का एक बड़ा हिस्सा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। यह स्थिति तब है जब लॉयन सफारी शुरू ही नहीं हुई है। मंगलवार को जिला परिषद सभागार में बैठक के दौरान वन मंत्री संजय शर्मा के ध्यान में यह मामला आया तो उन्होंने कड़ी नाराजगी जतायी और वन विभाग के अधिकारियों को फटकारते हुए कहा कि लॉयन सफारी शुरू होने के बाद यह फेंसिंग गिरती और उस समय वन्यजीव उस एरिया से बाहर आ जाते तो क्या स्थिति बनती। यह कोई मामूली बात नहीं है यह तो मॉनिटरिंग की भी लापरवाही का सूचक है। rajasthan forest minister discuss on udaipur Sajjangarh Lion Safari Fencing collapse in review meeting
जिला स्तरीय बैठक में वन मंत्री ने सज्जनगढ़ लॉयन सफारी के कार्य की जानकारी ली, तब वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लॉयन सफारी के लिए 2200 मीटर की फेसिंग की जानी है, उसमें से 1900 मीटर काम हो चुका है। पूर्ण हुए कार्य में से गत मई माह में करीब 300 मीटर की फेसिंग गिर गई थी, जिसकी जांच चल रही है। वन मंत्री की बैठक में मुख्य वन संरक्षक सेडूराम यादव, सुनील छिद्री, उप वन संरक्षक मुकेश सैनी, उप वन संरक्षक (उत्तर) अजय चित्तौड़ा तथा उप वन संरक्षक वन्यजीव यादवेन्द्र सिंह भी मौजूद थे।
तीन महीने में जांच नहीं हुई तुम लोग कर क्या रहे हो
अधिकारियों का जवाब सुनते ही वन मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि तीन माह में भी जांच नहीं हो पायी, तुम लोग कर क्या रहे हो। यह कोई छोटा मोटा मामला नहीं है जो जांच के नाम पर खानापूर्ति की कोशिश की जा रही है। यदि लॉयन सफारी शुरू होने के बाद फेंसिंग गिरती और वन्यजीव उस एरिया से बाहर आ जाते तो क्या स्थिति बनती। यह मॉनिटरिंग की भी लापरवाही का सूचक है। वन मंत्री ने निष्पक्ष और त्वरित जांच करते हुए संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। वन मंत्री ने जिला कलक्टर नमित मेहता को विभागीय जांच की निगरानी के लिए प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए।
अमरख महादेव लेपर्ड सफारी का काम बहुत धीमा चल रहाः बजट घोषणा फिर भी ये हाल
वन मंत्री संजय शर्मा ने बजट घोषणा अमरख महादेव लेपर्ड सफारी की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए इस काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का बजट घोषणाओं को जल्द से जल्द मूर्त रूप देने पर फोकस है। विभागीय स्तर पर किसी प्रकार की कौताही नहीं बरती जाए। वन मंत्री ने वन विकास एवं प्रबंधन समिति गठन में पारदर्शिता रखने के निर्देश भी दिए और कहा कि समितियों में बरसों से पदाधिकारी रिपीट होने की शिकायतें आती हैं,ऐसा नहीं होना चाहिए।
जंगलों में छोटे जानवरों की संख्या बढ़ाने पर करें फोकस
बैठक में वन्यजीवों के आबादी क्षेत्र में आने तथा मवेशियों और इंसानों पर हमले की घटनाओं की समीक्षा की। मंत्री ने
प्रभावित लोगों या उनके परिवारों के लंबित मुआवजा प्रकरण जल्द से जल्द निस्तारित कर राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने जंगलों में छोटे जानवरों की संख्या बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करते हुए उसके लिए प्रयास तेज करने के निर्देश भी दिए।
उदयपुर में पहाड़ियां बहुत कट रही : ताराचंद जैन
उदयपुर विधायक ताराचंद जैन ने शहर के आसपास की पहाड़ियों की अवैध कटाई पर चिंता जताते हुए पहाड़ियों के संरक्षण की तरफ वन एवं पर्यावरण मंत्री का ध्यान दिलाया। जैन ने चिंता जताई कि हाईकोर्ट की रोक के बावजूद व्यवसायिक उपयोग के लिए उदयपुर शहरी क्षेत्र में पहाड़ियों को अवैध रूप से काटा जा रहा। अधिकारियों को पहाड़ियों के संरक्षण को लेकर गंभीरता बरतनी होगी। ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने हिंगलाज माता मंदिर व क्षेत्र में डीएमएफटी मद से स्वीकृत कार्यों को जल्द पूर्ण कराने, उंदरी स्कूल तथा हवाला सज्जनगढ़ रोड़ निर्माण में आ रही बाधा की मंत्री को जानकारी दी।
क्लिक कर यह भी पढ़ें : उदयपुर पुलिस की प्रदेशभर में हो रही चर्चा
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

