Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर पुलिस चर्चा में: किसके आदेश से पुलिसवालों ने पहनी फर्स्ट ड्रेस और निजी कार्यक्रम में वेलकम के लिए खड़े हो गए

udaipur police reached in uniform to welcome Jitendra Anchaliya in his private program, rajasthan police criticizedudaipur police reached in uniform to welcome Jitendra Anchaliya in his private program, rajasthan police criticized

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। पुलिस की पहचान उसकी यूनिफॉर्म (पुलिस वर्दी) से होती है, यूनिफॉर्म पहने हुआ चेहरा मायने नहीं रखता, यूनिफॉर्म मायने रखती है। हर पुलिसकर्मी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होती है कि वह जब इस यूनिफॉर्म को धारण करें तो इसकी गरिमा का ध्यान भी रखें। लेकिन जब पुलिस वाले ही निजी कार्यक्रम में कतारबद्ध तरीके से खड़े होकर किसी का वेलकम करने लगें तो ईवेंट कंपनी में काम करने वाली उन लड़कियों का क्या होगा, जो किसी के आने पर दोनों तरफ फूल लेकर खड़ी होती हैं। udaipur police reached in uniform to welcome Jitendra Anchaliya in his private program, rajasthan police criticized this

उदयपुर में ऐसा ही कुछ 10 अगस्त को हुआ, जहां रविवार अवकाश के दिन शहर के शोभागपुरा स्थित सोलिटायर गार्डन में एपीओ चल रहे आरपीएस जितेन्द्र आंचलिया के निजी कार्यक्रम में उदयपुर शहर के थानाधिकारियों सहित कई इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर और पुलिसकर्मियों ने पुलिस की पी-कैप के साथ फर्स्ट ड्रेस (विशेष सरकारी आयोजन में पहनी जानी वाली पुलिस वर्दी) पहनकर न सिर्फ हिस्सा लिया, बल्कि एक लाइन में खड़े होकर हाथों में फूल लेकर पुलिस बैंड की धुन के साथ जितेन्द्र आंचलिया के आगमन पर उनका स्वागत भी किया। यहां चर्चा तो इस बात की भी है कि पुलिसवालों ने किसके आदेश पर उनकी फर्स्ट ड्रेस पहनी और एक लाइन में जितेन्द्र आंचलिया के स्वागत के लिए खड़े हो गए।

आमतौर पर पुलिस इंस्पेक्टर सहित अन्य पुलिसकर्मी पुलिस की फर्स्ट ड्रेस 15 अगस्त, 26 जनवरी, पुलिस दिवस या आईजी, एसपी के जॉइनिंग पर वेलकम जैसे सरकारी कार्यक्रम या विशेष अवसर पर पहनते हैं, ताकि कार्यक्रम की गरिमा आमदिनों की तुलना में ज्यादा बढ़ सके। जितेन्द्र आंचलिया के कार्यक्रम को उदयपुर के पुलिस विभाग द्वारा इतना ग्लोरीफाई क्यों किया गया, ये जवाब तो पुलिस वाले ही दे सकते हैं, लेकिन जब उनसे जवाब पूछा गया तो वे बात करने से ही बचते रहे।

पुलिस विभाग के कई कार्मिकों में इस बात को लेकर काफी शर्मिंदगी है कि पुलिसकर्मी इस तरह से कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम के मेजबान जितेन्द्र आंचलिया थे और मेहमान उदयपुर के पुलिसवाले। लेकिन यहां मेजबान ने मेहमानों का नहीं, मेहमानों ने मेजबान का स्वागत किया। राजस्थान पुलिस के कई अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा सरकारी कार्यक्रम में तो ऐसा होता है, लेकिन शहर के थानाधिकारी पुलिस यूनिफॉर्म में इस तरह से कतारबद्ध तरीके से एक लाइन में खड़े होकर एक किसी आरपीएस के निजी कार्यक्रम में जाकर उनका वेलकम करें, ऐसा पहली बार देखा है। पुलिसकर्मियों में चर्चा है कि पुलिस विभाग की गरिमा को इस तरह से ठेस पहुंचायी गयी और किसी पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई तक नहीं हुई।

जितेन्द्र आंचलिया अभी हाल ही भ्रष्टाचार मामले में आरोपमुक्त हुए हैं। यह मामला भुवाणा स्थित बेशकीमती जमीन से जुड़े भ्रष्टाचार का था। 10 फरवरी 2023 को उन्हें तत्कालीन एसीबी आईजी वर्तमान एडीजी दिनेश एमएन के नेतृत्व में एसीबी एडि.एसपी पुष्पेन्द्र सिंह की टीम ने तत्कालीन उदयपुर पश्चिम डीएसपी जितेन्द्र आंचलिया को गिरफ्तार किया था। इस मामले में जितेन्द्र आंचलिया करीब तीन महीने न्यायिक अभिरक्षा में जेल में रहे थे, जिन्हें हाईकोर्ट से मई 2023 में सशर्त जमानत मिली थी। इसी मामले में उन्हें पिछले दिनों आरोप मुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि यह निजी कार्यक्रम उसी खुशी में थी।

मामले में उदयपुर आईजी गौरव श्रीवास्तव से पुलिस का पक्ष जानने के लिए बात की गयी तो उन्होंने बताया कि उन्हें सिर्फ इतना पता था कि यह एक प्रसादी कार्यक्रम है, जिसमें राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी शामिल हुए थे। वे स्वयं (आईजी) राज्यपाल के आने से दो मिनट पहले कार्यक्रम में पहुंचे थे और राज्यपाल के निकलते ही वे भी निकल गए थे। उदयपुर के थानाधिकारियों सहित अन्य पुलिसकर्मियों फर्स्ट ड्रेस पहनकर कतारबद्ध तरीके से पुष्पगुच्छ हाथ में लेकर जितेन्द्र आंचलिया वेलकम किया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। निजी कार्यक्रम में पुलिस बैंड द्वारा जितेन्द्र आंचलिया को सेल्यूट देने के सवाल पर आईजी ने कहा पुलिस बैंड को कोई भी आम नागरिक शुल्क जमा करवाकर बुक करवा सकता है और सेल्यूट देने को लेकर कोई स्पष्ट नियम नहीं है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

Exit mobile version