राज्यपाल ने जवाब दिया- पढ़ाई पूरी करो, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े का दो दिवसीय उदयपुर दौरा
- शिल्पग्राम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का लिया आनंद
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। प्रदेश के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने गुरुवार को उदयपुर के शिल्पग्राम का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और हस्तशिल्प प्रदर्शनियों का अवलोकन कर कलाकारों की सराहना की। उदयपुर के शहरी क्षेत्र आने से पहले उन्होंने गुरूवार को ही कोटड़ा प्रवास के दौरान विवेकानंद मॉडल स्कूल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास का अवलोकन किया और बालिकाओं से संवाद भी किया। rajasthan governor haribhau bagde udaipur two days visit : 10 class students ask to governor what to do for success
बालिकाओं से हुए संवाद में 10वीं कक्षा की छात्रा रवीना खैर ने राज्यपाल से पूछा कि जीवन में सफलता पाने के लिए क्या करें। इस पर राज्यपाल ने जवाब दिया कि जीवन को सुंदर और खुशहाल बनाने के लिए शिक्षा पूरी करो। जन्म के समय सबकी बौद्धिक क्षमता समान होती है, लेकिन परिस्थितियों के अनुसार बौद्धिक स्तर में अंतर आ जाता है। जहां कोई पढ़ने योग्य सामग्री मिले उसे पढ़ें। पाठ्य पुस्तकों के अलावा भी पढ़ाई करें, जिससे बुद्धि का विकास हो।
शिल्पग्राम दौरे के दौरान पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक फुरकान खान, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। राज्यपाल ने शिल्पग्राम का भ्रमण किया, जहां मशक बैंड ने सुमधुर धुनों से उनका स्वागत किया। उन्होंने महाराष्ट्र के लावणी नृत्य दल की शानदार प्रस्तुति का आनंद लिया। इसके बाद शिल्पग्राम में लगी हस्तशिल्प स्टॉल्स का अवलोकन किया और बंजारा रंगमंच पर गुजरात के राठवा, भपंग और कालबेलिया आदि नृत्यों की प्रस्तुतियों को देखा।
कितनी भी मुश्किल परिस्थितियां हो, द्यालय जाना बंद मत करना
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे़ ने कोटड़ा दौरे के दौरान आदिवासी बालक-बालिकाओं का आह्वान करते हुए कहा कि चाहे कितनी भी मुश्किल परिस्थितियां क्यों नहीं हो, लेकिन विद्यालय जाना बंद मत करना, क्योंकि शिक्षा से ही परिवार और समाज के उत्थान की राह प्रशस्त होगी।
जनजाति क्षेत्र में कृषि में संभावना कम, इसलिए शिक्षा ही उत्थान का एक मात्र रास्ता
बागड़े ने कहा कि राजस्थान में 9 जिले ऐसे हैं जहां जनजाति समाज की संख्या 60 प्रतिशत से अधिक है। इस क्षेत्र के लोगों के उत्थान के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारों में बहुत सी योजनाएं चला रखी हैं। शिक्षा, चिकित्सा रोजगार आदि आवश्यकता के क्षेत्र में कई योजनाएं चल रही हैं। गरीबी मिटाने के लिए शिक्षा को बढ़ावा देना जरूरी है। जनजाति क्षेत्र में बहुत छोटी जोत होने और जनसंख्या बढ़ने पर उसके भी छोटे-छोटे टुकड़े हो जाने से कृषि में ज्यादा संभावना नहीं है, इसलिए शिक्षा के माध्यम से रोजगार प्राप्त करना जरूरी हो गया है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

