पीड़िता अब 19 साल की, दुष्कर्म कर गर्भवती करने का आरोप: FIR में लिखा दूसरी लड़कियों के साथ भी गलत हुआ है
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के चित्रकूट नगर स्थित सरकारी नारी निकेतन/बालिका गृह में रह रही 19 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गर्भवती होने पर एफआईआर दर्ज करवायी है। आरोप भी नारी निकेतन/बालिका गृह के एक डॉक्टर पर लगाया है। 19 वर्षीय पीड़िता 2022 (जब वह नाबालिग थी) से उदयपुर के नारी निकेतन परिसर स्थित बालिका गृह में रह रही थी और इसी वर्ष जून 2025 (बालिग होने के बाद) को यहां से गयी है। एक महीने से महाराष्ट्र में पति के साथ है। udaipur rape allegations in government nari niketan center girl lodged FIR
पीड़िता ने एफआईआर में जिक्र नारी निकेतन का किया है, जबकि बालिका गृह भी नारी निकेतन परिसर में ही है, जहां नाबालिग बच्चियों को रखा जाता है। पीड़िता ने दुष्कर्म की एफआईआर नारी निकेतन/बालिका गृह के डॉ. अरविंद के खिलाफ दर्ज करवायी है, साथ ही घटनाक्रम की जानकारी होने के बावजूद किशोरी की मदद नहीं करने के आरोप में बालिका गृह/नारी निकेतन की पुष्पा दीदी, किरण दीदी सहित सीडब्ल्यूसी की यशोदा मैडम का जिक्र करते हुए इन्हें भी आरोपी बनाया है। इस एफआईआर की खबर आते ही नारी निकेतन, बालिका गृह सहित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
जीरो नंबर एफआईआर महाराष्ट्र से आयी थी, सुखेर थाने में दर्ज कर एडिएसपी को जांच सौंपी गयी है
उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने बताया कि पीड़िता जो अभी महाराष्ट्र में रह रही है, उसने महाराष्ट्र के पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दी थी, जिसमें उसने चित्रकूट नगर स्थित नारी निकेतन में दुष्कर्म होने की बात कही है, चूंकि युवति ने घटनाक्रम उदयपुर के चित्रकूट नगर स्थित नारी निकेतन का बताया है, तो महाराष्ट्र पुलिस ने जीरो नंबर एफआईआर कर उदयपुर भेजी है, जिसे सुखेर थाने में दर्ज कर लिया गया है। जांच एडि.एसपी रामेश्वरलाल परिहार द्वारा की जा रही है।
नारी निकेतन अधीक्षक प्रीति जैन और बालिका गृह अधीक्षक दिशा भार्गव दोनों ने यही कहा कि किशोरी के साथ ऐसी कोई घटना हमारे परिसर में होना संभव नहीं है। क्यों कि यहां कोई डॉक्टर अकेले नहीं आते, डॉक्टर्स का पूरा पैनल आता है, पैनल में भी ज्यादातर फीमेल डॉक्टर्स होती हैं। डॉक्टर्स का पैनल मुख्य प्रवेश द्वार के पास अंदर की तरफ कुर्सी-टेबल लगाकर बैठते हैं। 5 से 10 लड़कियों या महिलाओं का ग्रुप चेकअप के लिए डॉक्टर्स के पैनल के पास जाता है। ऐसे में एक डॉक्टर के द्वारा इस प्रकार से घटना कारित करना संभव नहीं लगता। लड़की ये आरोप क्यों लगा रही है और उसके जांच में कितनी सत्यता है यह जांच में स्पष्ट हो जाएगा।
पीड़िता लिखी पूरी व्यथा
आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय पीड़िता ने एफआईआर में बताया है कि वह तीन वर्ष पहले (जब वह नाबालिग थी) उसके प्रेमी के साथ घर से भागकर चली गयी थी। इस मामले में पुलिस ने उसे दस्तयाब कर नारी निकेतन भेज दिया था, जबकि पोक्सो के तहत दर्ज मामले में प्रेमी/पति (जिसके साथ वह भागी थी) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पीड़िता ने एफआईआर में बताया है कि वह वर्ष 2022 से 2 जून 2025 तक बालिका गृह (नारी निकेतन) में रही। इस दौरान यहां डॉ. अरविंद ने उसके के साथ दुष्कर्म किया, पीड़िता ने विरोध किया तो डॉक्टर ने धमकी दी कि वह ऐसी रिपोर्ट बनाएंगे कि उसका प्रेमी/पति (जिसके साथ भागी थी) दोबारा जेल चला जाएगा। पीड़िता ने कहा उसने पति को बचाने के लिए डॉक्टर की खिलाफत नहीं की, लेकिन उसने यह सारी घटना नारी निकेतन केंद्र में अलग-अलग किरण दीदी, पुष्पा दीदी और सीडब्ल्यूसी की यशोदा मैडम को बतायी। लेकिन किसी ने भी उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया और उसकी कोई मदद नहीं की। वह डॉ. अरविंद के दुष्कर्म के बाद गर्भवती हुई तो किरण दीदी ने किट देकर उसका गर्भपात करवा दिया।
अन्य लड़कियों ने कहा उनके साथ भी गलत हुआ है
पीड़िता ने एफआईआर में बताया कि जब उसने यह बात नारी निकेतन केंद्र की अन्य लड़कियों को बताई तो उन्होंने कहा कि उनके साथ भी ऐसा हुआ है, लेकिन वे कुछ नहीं कह रही हैं, क्यों कि वे डरी हैं। नारी निकेतन में उसका डॉ. अरविंद द्वारा शोषण किया जा रहा था, लेकिन वह पति के जेल जाने के डर से सब सहती रही। बालिग होने पर 2 जून को उसका पति उर्फ प्रेमी उसे नारी निकेतन से लेकर गया। नारी निकेतन से जाने के बाद उसे इसी महीने पता चला कि वह गर्भवति हो गयी है।
जांच का विषय
किशोरी ने एफआईआर में सिर्फ डॉ अरविंद नाम लिखा है, ये कब आते थे, कौन हैं, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उसके साथ घटनाक्रम नारी निकेतन या बालिका गृह परिसर में कब और किन हालातों में किस जगह हुआ इसका भी एफआईआर में कोई जिक्र नहीं है। युवती ने उसके आखिरी मासिक धर्म का जिक्र करते हुए आरोप लगाया है। युवती एक महीने से अपने पति के साथ रह रही है। कई सवालों के बीच युवती के आरोपों में कितनी सत्यता है यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

