Site iconSite icon AR Live News

चित्तौड़गढ़ः 1 करोड़ की रिश्वत मांगी, सीबीआई ने नार्कोटिक्स इंस्पेक्टर को किया गिरफ्तार

CBI Jaipur arrests Narcotics Inspector for taking bribe, he demands Rs1 crore bribe from Chittorgarh farmerCBI Jaipur arrests Narcotics Inspector for taking bribe, he demands Rs1 crore bribe from Chittorgarh farmer

जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) जयपुर की टीम ने केन्द्रीय नार्कोटिक्स ब्यूरो के इंस्पेक्टर महेन्द्र सिंह और बिचौलिए जगदीश मेनारिया को 3 लाख रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपीगण चित्तौड़गढ़ के किसान से डोडा चूरा के फर्जी केस में फंसाने की धमकी देकर 1 करोड़ रूपए की रिश्वत मांग रहे थे और पिछले 2-3 महीने में 40 लाख रूपए से अधिक वसूल चुके हैं। CBI Jaipur arrests Narcotics Inspector for taking bribe

एसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ के एक किसान मांगीलाल ने केन्द्रीय नार्कोटिक्स ब्यूरो के इंस्पेक्टर महेन्द्र सिंह के खिलाफ बिचौलिए जगदीश मेनारिया के जरिए 1 करोड़ रूपए रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। शिकायत में परिवादी किसान ने बताया था कि चार महीने पहले 27 मार्च को नार्कोटिक्स अधिकारी महेन्द्र सिंह टीम के साथ मेरे डूंगला स्थित खेत पर आए थे, उस समय घर की महिलाएं खेत पर थीं। तब महेन्द्र सिंह महिलाओं से यह कहकर चले गए थे कि मांगीलाल को बोल देना कि नार्कोटिक्स की टीम नीमच से आयी थी और वह जगदीश मेनारिया से मिल ले।

परिवादी ने बताया कि उसी दिन 27 मार्च को जगदीश मेनारिया का परिवादी के पास वाट्सअप फोन आया। जगदीश ने धमकाते हुए कहा कि नार्कोटिक्स की टीम ने तुम्हारे खेत से 400 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। मामले में तुम्हारा या परिवार के किसी सदस्य का नाम नहीं चाहते हो तो 1 करोड़ रूपए दे देना। परिवादी ने जगदीश मेनारिया से कहा कि उसके खेत पर तो कोई डोडा चूरा नहीं मिला था तो जगदीश मेनारिया ने कहा 1 करोड़ रूपए तो देने पड़ेंगे, नहीं तो जेल जाना होगा। परिवादी ने आरोप लगाया है कि इंस्पेक्टर महेन्द्र सिंह ने डोडाचूरा मिलने का फर्जी केस बनाकर उसमें परिवादी को फंसाने की धमकी देकर रिश्वत मांगी।

परिवादी ने बताया कि महेन्द्र सिंह ने जगदीश मेनारिया के जरिए रिश्वत राशि भी 9-9 लाख रूपए की किश्तों में देने के लिए कहा है। आरोपीगण मुझे और मेरे परिवार के सदस्य को झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने का डर दिखाकर मुझसे 44 लाख रूपए रिश्वत वसूल चुके हैं। सीबीआई ने शिकायत का सत्यापन किया। रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर सीबीआई ने बिचौलिए जगदीश मेनारिया और सेंट्रल नार्कोटिक्स ब्यूरो इंस्पेक्टर सीकर निवासी महेन्द्र सिंह को 3 लाख रूपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

Exit mobile version