मुख्यमंत्री ने पुष्कर में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान कार्यक्रम में बतायी स्थिति
पुष्कर,(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में भूजल के बढ़ते दोहन पर चिंता जताई है। उन्होंने सोमवार को अजमेर जिले के पुष्कर में वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान कार्यक्रम के तहत सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में कम सतही जल के कारण भूजल पर दबाव बढ़ता जा रहा है। भूजल पर अत्यधिक निर्भरता के कारण प्रदेश का लगभग 72 प्रतिशत भाग अतिदोहित श्रेणी में आ गया है। यह हम सभी के लिए चिंता का विषय है। groundwater in rajasthan
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में जल संरक्षण की परंपराएं सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा रही हैं। बावड़ियां, जोहड़, तालाब, और कुंए जैसी संरचनाएं राजस्थान की जल संरक्षण परंपराओं का जीवंत उदाहरण हैं। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जल संचय संरचनाओं का निर्माण, जल स्रोतों की साफ सफाई, परंपरागत जलाशयों के स्वरूप को पुनः बहाल करने का काम मुख्य रूप से किया जा रहा है। राजस्थान को पानी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना हमारा लक्ष्य है। जल संरक्षण हम सब की जिम्मेदारी है। सभा को संबोधित करने से पहले मुख्यमंत्री ने ब्रह्मा मंदिर में पूजा अर्चना की। groundwater in rajasthan
45 हजार जल संरक्षण संरचनाओं का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए देशभर में कैच द रेन अभियान प्रारंभ किया था। राजस्थान में हमारी सरकार ने कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान का शुभारंभ किया। इसके तहत प्रवासी राजस्थानी के योगदान से राज्य में चार साल में 45 हजार जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। वित्त वर्ष 2025-2026 में प्रत्येक जिले में कम से कम 125 जल संरक्षण संरचनाओं सहित करीब पांच हजार संरचनाओं के निर्माण का लक्ष्य रखा है। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है।
पुष्कर को धार्मिक सांस्कृतिक पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर विकास के काम करवाए जा रहे हैं। पहले चरण में 127 करोड़ की लागत से घाट नवीनीकरण, सावित्री वाटिका, ब्रह्मा मंदिर से ब्रह्मा घाट तक कॉरिडोर, ब्रह्मा चौक से वराह घाट तक कॉरिडोर सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे। दूसरे चरण में 38 करोड़ की लागत से मेला मैदान, प्रवेश और सूचना केंद्र का निर्माण किया जाएगा।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

