पीएम मोदी ने दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज का किया उद्घाटन
कटरा(जम्मू कश्मीर), एआर लाइव न्यूज। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज शुक्रवार को चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे रेलवे आर्च ब्रिज का उद्घाटन किया। यह ब्रिज जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में चिनाब नदी के ऊपर बनाया गया है। पीएम ने कटरा रेलवे स्टेशन पर कटरा और श्रीनगर को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी भी दिखाई। आज अंजी ब्रिज लोकार्पण और जम्मू में नए मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास सहित 46000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन किया गया। chenab bridge inaugurated by pm modi, world highest railway Arch Bridge
कटरा में सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि टूरिज्म रोजगार का एक अहम जरिया है, टूरिज्म, लेकिन दुर्भाग्य से हमारे पड़ोस का देश, मानवता का विरोधी, मेलजोल का विरोधी, टूरिज्म का विरोधी, इतना ही नहीं वो ऐसा देश हैए गरीब की रोज़ी-रोटी का भी विरोधी है। 22 अप्रैल को पहलगाम में जो कुछ हुआ वो इसी का उदाहरण है। जिस टूरिज्म से, जम्मू कश्मीर के गरीबों के घर चलते हैं, उसको पाकिस्तान ने निशाना बनाया। पाकिस्तान ने पहलगाम में इन्सानियत और कश्मीरियत दोनों पर वार किया। उसका इरादा भारत में दंगे कराने का था। उसका इरादा कश्मीर के मेहनतकश लोगों की कमाई को रोकना था। इसलिए पाकिस्तान ने टूरिस्ट्स पर हमला किया।
पाकिस्तान कभी भी ऑपरेशन सिंदूर का नाम सुनेगा, तो उसे अपनी शर्मनाक शिकस्त याद आएगी
मोदी ने कहा कि आज 6 जून है, याद कीजिए एक महीने पहले, ठीक एक महीने पहले, 6 मई की वो रात, पाकिस्तान के आतंकियों पर कयामत बरसी थी। अब पाकिस्तान कभी भी ऑपरेशन सिंदूर का नाम सुनेगा, तो उसे अपनी शर्मनाक शिकस्त याद आएगी। पाकिस्तानी फौज और आतंकियों ने कभी सोचा भी नहीं था कि भारत, पाकिस्तान में सैंकड़ों किलोमीटर अंदर जाकर के आतंकवादियों पर इस तरह वार करेगा। बरसों की मेहनत से उन्होंने आतंक की जो इमारतें बनाईं थीं, वो कुछ मिनटों में ही खंडहर में बदल गईं हैं। और ये देख पाकिस्तान बुरी तरह बौखला गया था, और उसने अपना गुस्सा जम्मू के,पूंछ के, दूसरे जिलों के लोगों पर भी निकाला।
मोदी ने कहा कि माता वैष्णो देवी के आशीर्वाद से कश्मीर घाटी अब भारत के विशाल रेल नेटवर्क से जुड़ गई है। उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लाइन परियोजना केवल एक नाम नहीं है, बल्कि यह जम्मू-कश्मीर की नई ताकत का प्रतीक है। इस प्रोजेक्ट ने हमारे कार्यकाल में गति पकड़ी और हमने पूरा कर दिखाया। बीच में कोविड के कालखंड के कारण भी अनेक मुसीबतें आई, लेकिन हम डटे रहे। हमारी सरकार ने चुनौती को ही चुनौती देने का रास्ता चुना है।
लोग एफिल टॉवर देखने जाते हैं, हमारा चिनाब ब्रिज उससे भी ऊंचा है
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग एफिल टॉवर देखने के लिए पेरिस जाते हैं, वहीं चिनाब ब्रिज की ऊँचाई उससे भी अधिक है। मोदी ने अंजी ब्रिज को इंजीनियरिंग का चमत्कार बताया, जो भारत का पहला केबल-सपोर्टेड रेलवे ब्रिज है। अब लोग चिनाब ब्रिज के ज़रिए कश्मीर देखने तो जाएंगे ही, ये ब्रिज भी अपने आप में एक आकर्षक टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनेगा। कार्यक्रम में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सीएम उमर अब्दुल्ला और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे। world highest railway chenab Arch Bridge
चिनाब और अंजी रेल पुल
नदी से 359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित वास्तुकला का चमत्कार चिनाब रेल पुल दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। इस परियोजना की शुरुआत अगस्त 2004 में हुई थी। यह 1315 मीटर लंबा स्टील आर्च ब्रिज है और करीब 359 मीटर की ऊंचाई पर है, जो एफिल टॉवर से भी 35 मीटर ऊंचा है। यह ब्रिज 260 किमी प्रति घंटे की हवा और भूकंपीय जोन झेल सकता है। इसको बनाने में लगभग 27000 मीट्रिक टन स्टील का उपयोग हुआ है। इस पुल पर चलने वाली वंदे भारत ट्रेन के ज़रिए कटरा और श्रीनगर के बीच यात्रा करने में सिर्फ़ 3 घंटे लगेंगे, जिससे मौजूदा यात्रा समय में 2-3 घंटे की कमी आएगी। अंजी ब्रिज भारत का पहला केबल स्टेड रेल ब्रिज है जो इस चुनौतीपूर्ण भूभाग में राष्ट्र की सेवा करेगा।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

