Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर: 1200 करोड़ के ड्रग रैकेट के सात आरोपियों को कोर्ट ने दोषी करार दिया

udaipur NDPS Special court convicted seven accused of rs 1200 crore drug racket caught in Udaipurudaipur NDPS Special court convicted seven accused of rs 1200 crore drug racket caught in Udaipur

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर के कलड़वास में नवंबर 2016 में पकड़े गए अब तक के सबसे बड़े 1200 करोड़ रूपए के ड्रग रैकेट के सात आरोपियों को एनडीपीएस मामलों की विशेष अदालत एडीजे-1 ने शुक्रवार को दोषी करार दिया है। इन सातों आरोपियों को 26 मई को सजा सुनाई जाएगी, वहीं एक अभियुक्त सुभाष दूदानी की मौत हो चुकी है। मामले की सुनवायी कर रहे पीठासीन अधिकारी न्यायाधीश मनीष वैष्णव ने मामले में रवि दूदानी, परमेश्वर व्यास, अनिल मलकानी, सजय आर पटेल, अतुल महात्रे, निर्मल दूदानी और गुंजन दूदानी को दोषी माना है। विशिष्ठ लोक अभियोजक प्रवीण खंडेलवाल, राजेश वसीटा और एसपी शर्मा ने मामले में पैरवी की।

डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (DRI) की टीम ने मुंबई में मिले इनपुट के आधार पर नवंबर 2016 में उदयपुर के कलड़वास स्थित एक फैक्ट्री पर छापा मारा था। इस फैक्ट्री में डीआरआई की टीम ने साढ़े 2300 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की थी, जिसकी उस समय बाजार कीमत करीब 1200 करोड़ रूपए आंकी गयी थी। इसके बाद टीम ने इस रैकेट से जुड़ीं गुडली और राजसमंद के धोइंदा में भी छापेमारी की थी। मामले में डीआरआई की टीम ने मुख्य आरोपी सुभाष दूदानी, इसका भतीजा रवि दूदानी सहित अन्य साथी परमेश्वर व्यास, अनिल मलकानी, संजय आर पटेल, अतुल महात्रे, निर्मल दूदानी और गुंजन दूदानी को गिरफ्तार किया था।

आरोपी यह पूरा रैकेट मुंबई से चला रहे थे और उदयपुर के कलड़वास स्थित फैक्ट्री को एमडी ड्रग्स का गोदाम बना रखा था, जबकि राजसमंद के धोइंदा में इसकी मैनुफैक्चरिंग कर रहे थे। गिरोह ड्रग्स की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर साउथ अफ्रीका तक सप्लाई करते थे। 2016 में जब इस रैकेट का खुलासा हुआ, तब यह दावा किया गया था कि यह कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई थी। एमडी ड्रग्स की इतनी बड़ी खेप पहले कभी नहीं पकड़ी गयी थी। drug racket caught in Udaipur

विशिष्ठ लोक अभियोजक प्रवीण खंडेलवाल के अनुसार इस मामले में 8 गिरफ्तारियां हुई थीं। इनमें अभियुक्त सुभाष दूदानी की मौत हो चुकी है, जबकि रवि दूदानी और परमेश्वर व्यास 2016 से ही सेंट्रल जेल में हैं, वहीं अन्य पांच आरोपियों अनिल मलकानी, संजय आर पटेल, अतुल महात्रे, निर्मल दूदानी और गुंजन दूदानी जमानत पर थे। आज मामले की सुनवायी के दौरान ये सभी आरोपी कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट ने जब इन सातों आरोपियों को दोषी करार दिया, इसके बाद इन सभी सातों आरोपियों को हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। न्यायालय द्वारा 26 मई को इस मामले में आरोपियों को सजा सुनायी जाएगी।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

Exit mobile version