- आरोपियों के खिलाफ देशभर में दर्ज हैं ऑनलाइन ठगी की 719 शिकायतें
- उदयपुर के इन तीन आरोपियों ने 2 प्रतिशत के लालच में सैकड़ों बैंक खाते साइबर ठगों को बेचे
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर पुलिस की जिला स्पेशल टीम और हिरणमगरी थाना पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देशभर में 719 लोगों के साथ ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों आरोपियों ने डिजीटल अरेस्ट गिरोहों और साइबर ठगों को ठगी के लिए सैंकड़ों बैंक खाते उपलब्ध करवाए हैं। इन तीनों ने साइबर ठगों के साथ मिलकर देशभर में करीब 129 करोड़ रूपए से अधिक की ठगी को अंजाम दिया है। यह कार्रवाई इसलिए भी बड़ी है कि देशभर में डिजीटल अरेस्ट सहित अन्य तरीकों से लोगों के साथ करोड़ों के साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोहों तक पहुंचने की ये तीनों गिरफ्तार आरोपी मुख्य कड़ी हैं। udaipur police bust 129 cr online fraud of digital arrest gang
उदयपुर एसपी योगेश गोयल बताया कि सबसिटी सेंटर एरिया से पानेरियों की मादड़ी निवासी हर्षवर्धन झा (22) पुत्र राजेश झा, कानोड़ के लूणदा निवासी जयेश कुमार खटीक (27) पुत्र सुरेशचन्द्र खटीक, चित्तौड़गढ़ के आकोला निवासी तुफान सिंह (30) पुत्र बन्ने सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल, 2 लेपटॉप, 7 मोबाइल सिम, 10 एटीएम, 10 चैक बुक, बैंक डायरी सहित एक कार जब्त की है। इस कार्रवाई में एडि.एसपी उमेश ओझा, डीएसपी छगन पुरोहित के नेतृत्व में डीएसटी प्रभारी निरीक्षक श्याम सिंह रत्नू और हिरणमगरी थानाधिकारी भरत योगी, कांस्टेबल कमलेश जाखड़ की विशेष भूमिका रही है।
जयपुर और बीकानेर में हुए डिजीटल अरेस्ट के बड़े मामलों से जुड़े निकले तार
एडि.एसपी उमेश ओझा ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मिली चेकबुक, बैंक डायरी और लेपटॉप में लिखे बैंक अकाउंट्स की डिटेल की पड़ताल तो देशभर में इनके खिलाफ ऑनलाइन ठगी की 719 शिकायतें दर्ज होना पाया गया। इन बैंक खातों के जरिए आरोपियों ने देशभर में करीब 129 करोड़ रूपए की ठगी को अंजाम दिया है। इनमें जयपुर के विधाधर नगर निवासी पीड़ित से 64.17 लाख, मानसरोवर निवासी पीड़ित से 11.17 लाख, बीकानेर निवासी पीड़ित से 12.90 लाख, नोखा निवासी पीड़ितों से अलग-अलग साढ़े दस लाख और 40 लाख 50 हजार रूपए ठगी के बड़े मामले शामिल हैं।
साइबर ठगों और खाता धारकों के बीच दलाली पर मिलता है 2 प्रतिशत का कमीशन
डीएसपी छगन पुरोहित ने बताया कि आरोपी पता लगाते थे कि किन बैंक खातों की केवाईसी पूरी नहीं हुई है। इन खाता धारकों या ऐसे जरूरतमंद और गरीब खाता धारकों से संपर्क करते थे, उन्हें उनके खाते में आयी राशि का 20 प्रतिशत देने का लालच देकर खाता बेचने के लिए तैयार कर लेते थे। नया मोबाइल और किसी और के नाम की फर्जी मोबाइल सिम से बैंक खातों की अधूरी केवाईसी पूरी करवाते थे और फिर ड्रेगन एसएमएस, गो एसएमएस एप्पलीकेशन के माध्यम से ओटीपी प्राप्त कर इन बैंक खातों का पूरा एक्सैस प्राप्त कर लेते थे।
टेलीग्राम और वाट्सएप ग्रुप्स के जरिए ये बैंक खातों का पूरा एक्सेस डिजीटल अरेस्ट करने वाले गिरोहों और साइबर ठगों को बेच देते थे। खाते में आयी राशि का 20 प्रतिशत बैंक खाता धारक और 2 प्रतिशत इन खाता बेचने पर इन तीनों आरोपियों को मिलता था। साइबर ठगों के सरगना वाट्सग्रुप में जो पता बताते थे उस पर खाते की सम्पूर्ण जानकारी, बैंक डायरी, चैक बुक व खाते से लिंक मोबाइल सिम कुरियर कर भेजते थे।
हर क्षेत्र में सक्रिय है साथी दलाल
प्रारम्भिक जांच में पता चला है कि इन आरोपियों के देश के कई क्षेत्रों में साथी ब्रोकर सक्रिय है। इनमें चित्तौड़गढ़ के भाणु, भुपालसागर का सचिन, फतेहनगर का राजेश जाट, किशन गुर्जर, राज वैष्णव, मंगलवाड़ का सुरेश वैष्णव, आकोला का दिनेश मेनारिया, गोवा का टोनी, मुंबई का नवीन शेट्टी, जयपुर का विक्रम शेखावत, सीकर का चन्द्रपाल सिंह शेखावत, गुड़गांव का अकरम से खाते क्रय कर आगे साइबर ठगों को उपलब्ध करवाए हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम
उदयपुर पुलिस की डीएसटी प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम सिंह रत्नु, हिरणमगरी थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में डीएसटी एएसआई विकम सिंह, हेडकांस्टेबल जगदीश, योगेश कुमार, गणेश सिंह, करतार सिंह, हितेन्द्र सिंह, भंवरलाल, कांस्टेबल कमलेश जाखड़, जितेन्द्र दीक्षित, सुमेर, शक्ति सिंह, सुमित, मुकेश, चन्द्र कुमार, कृष्ण कुमार और हिरणमगरी थाने के एएसआई वसना राम, कांस्टेबल आनंद सिंह, राजकुमार, करनाराम और साइबर सेल के कांस्टेबल लोकेश रायकवाल की टीम ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। udaipur police bust 129 cr online fraud of digital arrest gang
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

