Site iconSite icon AR Live News

विधायक रिश्वत लेते गिरफ्तार: पहली बार कोई विधायक हुआ एसीबी में ट्रेप

ACB Arrest MLA Bagidora Jaikrishn Patel for taking bribe rs 20 lakh in jaipurACB Arrest MLA Bagidora Jaikrishn Patel for taking bribe rs 20 lakh in jaipur

जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जयपुर (एसीबी) इन्टेलीजेंस की टीम ने रविवार को बांसवाड़ा जिले के बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल को जयपुर स्थित एमएलए क्वार्टर पर 20 लाख रूपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बागीदौरा सीट के विधायक जयकृष्ण पटेल भारत आदिवासी पार्टी से विधायक हैं। एसीबी ने विधायक के साथ ही उसके दलाल विजय कुमार पटेल को भी गिरफ्तार किया है। परिवादी रविन्द्र कुमार पुत्र राम निवास मीना करौली-टोडाभीम में माइंस संचालक है। विधायक ने परिवादी की माइंस से संबंधित तीन प्रश्न विधानसभा में लगाए थे, इन प्रश्नों के विधानसभा में टेबल पर आने से पहले इन्हें वापस लेने की एवज में विधायक जयकृष्ण पटेल ने दो करोड़ रूपए की रिश्वत मांगी थी। ACB Arrest MLA Bagidora Jaikrishn Patel for taking bribe rs 20 lakh

एसीबी महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि एसीबी के इतिहास में ये पहला अवसर है जब किसी विधायक को ट्रेप किया है। इनके ट्रेप से पहले हमने इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष और सीएम को सूचित किया था। वीडियो पर क्लिक कर सुनें प्रेसकॉन्फ्रेंस में क्या बोले एसीबी महानिदेशक:-

एसीबी महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि विधायक जयकृष्ण पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके पर एसीबी टीम ने विधायक जयकृष्ण पटेल के हाथ धुलवाए तो नोटों पर लगे पाउडर का लाल रंग उनके हाथों से पानी में आया है। यह हमारे लिए एक बड़ा सबूत है, इसलिए एसीबी टीम ने विधायक को रंगे हाथों पकड़ा है। जयपुर में एमएलए क्वार्टर परिसर की पार्किंग में गाड़ी में बैठकर विधायक जयकृष्ण पटेल ने परिवादी से रिश्वत ली और नोट भी गिने। जिसका पूरा ऑडियो और वीडियो भी हमारे पास बतौर साक्ष्य है।

मामले में विधायक के दलाल विजय कुमार को भी पकड़ा गया है। 20 लाख रूपए के नोटों से भरा बैग लेने के बाद एमएलए जैसे ही गाड़ी से उतरे, उन्होंने बैग उनके किसी आदमी को पकड़ा दिया और खुद क्वार्टर के अंदर चले गए। वह आदमी तुरंत ही वहां से चला गया था, ऐसे में एसीबी टीम उस व्यक्ति की तलाश कर रही है।

एसीबी ने बताया कि बांसवाड़ा के बागीदौरा सीट के विधायक जयकृष्ण पटेल ने करोली स्थित माइंस से संबंधित तीन प्रश्न विधानसभा में लगाए थे। ये माइंस रविन्द्र कुमार की हैं। विधानसभा में इन प्रश्नों के उत्तर आने और टेबल पर आने से पहले इन्हें वापस लेने की एवज में विधायक ने परिवादी रविन्द्र कुमार से दो करोड़ रूपए की रिश्वत मांगी थी। इस पर एक महीने पहले 4 अप्रेल को परिवादी रविन्द्र कुमार ने एसीबी जयपुर मुख्यालय में विधायक जयकृष्ण पटेल द्वारा दो करोड़ रूपए की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की।

एसीबी के शिकायत सत्यापन के दौरान परिवादी बांसवाड़ा विधायक से मिलने गए, तब भी विधायक जयकृष्ण पटेल ने परिवादी से 1 लाख रूपए लिए थे। तब विधायक ने तय किया था कि दो करोड़ रूपए टुकड़ों-टुकड़ों में दे देना, जब पूरे रूपए आ जाएंगे, उसके बाद वह विधानसभा में परिवादी की माइंस से संबंधित लगाए प्रश्न वापस ले लेगा।

सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद आज रविवार को जयपुर एसीबी इन्टेलीजेंस डीआईजी राहुल कोटोकी के निर्देशन में एडिएसपी हिमांशु के नेतृत्व में इंस्पेक्टर सरोज धायल की टीम ने विधायक को उनके ही एमएलए क्वार्टर में बीस लाख रूपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एसीबी टीम ने मौके से विधायक जयकृष्ण पटेल के साथ ही उनके दलाल विजय कुमार को भी गिरफ्तार किया है। ACB Arrest MLA Bagidora Jaikrishn Patel for taking bribe rs 20 lakh

रिश्वत की पहली किश्त लेने के लिए विधायक जयकृष्ण पटेल इतने आतुर थे कि आज रविवार को छुट्टी होने के बावजूद वे बांसवाड़ा से जयपुर पहुंच गए और परिवादी को रिश्वत राशि लेकर उनके एमएलए क्वार्टर पर ही बुला लिया। एमएलए क्वार्टर परिसर में खड़ी कार में बैठकर विधायक जयकृष्ण पटेल ने परिवादी से रूपए लिए, रूपए गिने। फिर रूपयों से भरा बैग लेकर गाड़ी से उतरे। गाड़ी से उतरते ही एमएलए ने रूपयों का बैग किसी व्यक्ति को पकड़ा दिया और खुद क्वार्टर के अंदर चले गए। एमएलए पर नजरें गड़ाए एसीबी टीम ने जैसे ही उन्हें पकड़ा, इस दौरान रूपयों का बैग लेकर दूसरा आदमी वहां से फरार हो गया। जिसकी एसीबी टीम तलाश कर रही है।

एसीबी ने बताया कि इस मामले में दिलचस्प बात यह भी है कि विधायक जयकृष्ण पटेल बांसवाड़ा जिले के बागीदौरा सीट से हैं, लेकिन उन्होंने विधानसभा में प्रश्न किसी दूसरे विधायक के क्षेत्र करोली-टोडाभीम स्थित माइंस का लगाया। ACB Arrest MLA Bagidora Jaikrishn Patel for taking bribe rs 20 lakh

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

Exit mobile version