चिकित्सा मंत्री ने की मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना की समीक्षा
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना का नवीन चरण स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक उन्नत एवं बेहतर बनाएगा। योजना का दायरा बढ़ने और इंटर स्टेट पोर्टेबिलिटी लागू होने से आमजन को अत्याधुनिक एवं उच्च स्तरीय उपचार मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की इस योजना का बेहतरीन ढंग से संचालन सुनिश्चित करें और रोगियों को निर्बाध रूप से इसका लाभ दिलाएं।(Chief Minister Ayushman Arogya Yojana Rajasthan)
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर शनिवार को स्वास्थ्य भवन में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के नए चरण के बेहतर एवं सुगम क्रियान्वयन को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य बजट में इस योजना का दायरा इतना विस्तृत कर दिया है कि अब सामान्य बीमारी से लेकर रोबोटिक सर्जरी तक का उपचार इस योजना में मिल रहा है। अधिकारी सुनिश्चित करें कि योजना के क्रियान्वयन में किसी तरह की लापरवाही नहीं हो और सूचीबद्ध चिकित्सा संस्थानों में इस योजना का गुणवत्ता के साथ पूरा लाभ मिले।(Chief Minister Ayushman Arogya Yojana Rajasthan)
क्लेम का होगा त्वरित निपटान
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि योजना के तहत क्लेम के त्वरित एवं सरल निपटान की प्रक्रिया अपनाई जाए। चिकित्सा संस्थानों में उपचार की प्रक्रिया को भी अधिक सुगम बनाया जाए, ताकि लोगों को उपचार आसानी से और समय पर मिले। राजस्थान स्वास्थ्य बीमा की दृष्टि से देश का अव्वल राज्य है। हमारा फोकस है कि स्वास्थ्य बीमा के माध्यम से प्रदेश के हर नागरिक की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हो। लोग इलाज के खर्च चिंता मुक्त हों और उन्हें विश्व स्तरीय उपचार की सुविधाएं निशुल्क मिलें।
एम्पेनलमेंट नियम हुए सरल, पैकेज की संख्या बढ़ी
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि पैकेज की संख्या बढ़ने, अस्पतालों के एम्पेनलमेंट के नियमों को सरल करने तथा इंटर स्टेट पोर्टेबिलिटी प्रावधान लागू होने से योजना का संचालन और बेहतर हुआ है।
प्रतिदिन 8 हजार से ज्यादा लोगों को लाभ
राजस्थान स्टेट हैल्थ एश्यारेंस एजेंसी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रियंका गोस्वामी ने बताया कि योजना में करीब 1 करोड़ 34 लाख परिवार पंजीकृत हैं। प्रतिदिन औसतन 8 हजार लोगों को इस योजना से लाभ मिल रहा है। अब योजना में पैकेज की संख्या 1800 से बढ़कर करीब 2300 हो गई है। बैठक में विभिन्न इंश्योरेंस कम्पनियों के प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

