दुकान से घर जा रहा था ज्वैलरी व्यापारी, रास्ते में तीन बदमाशों ने बाइक सवार ज्वैलर को रोका, डबोक के मीठानीम की वारदात
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। डबोक थाना क्षेत्र के मीठानीम क्षेत्र में बुधवार देर शाम ज्वैलरी व्यापारी के साथ लूट की वारदात हुई है। बदमाश व्यापारी से चांदी के जेवरों से भरा बैग लूट कर ले गए। व्यापारी बैग में चांदी के जेवर लेकर दुकान से घर जा रहा था। रास्ते में तीन बदमाशों ने व्यापारी की बाइक को रोका, उससे मारपीट की और चांदी के जेवरों से भरा बैग लूट कर ले गए। बदमाशों के साथ हुई हाथापाई में व्यापारी युवक घायल हो गया, जिसका एमबी हॉस्पिटल में उपचार जारी है। व्यापरी के साथ कितने किलो चांदी की लूट हुई है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। loot with jeweller in udaipur
व्यापारी की रैकी कर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वारदात बुधवार देर शाम डबोक के मीठानीम की है। ज्वैलरी व्यापारी अंशुमन सोनी पुत्र शंकर सोनी हर दिन की तरह दुकान पर रखे चांदी के जेवर बैग में रखकर बाइक से घर जा रहे थे। तभी रास्ते में सुनसान जगह तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को जबरन रोका और मारपीट करते हुए बैग छीनने का प्रयास किया।
अंशुमन ने बदमाशों का विरोध कर बैग बचाने का प्रयास किया। इस दौरान हुई हाथापाई में अंशुमन घायल हो गए और बदमाश चांदी की ज्वैलरी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, अंशुमन को अस्पताल ले जाया गया। अंशुमन से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने संभावना जताई है कि बदमाशों से वारदात से पहले रैकी की होगी, इसके अलावा संभव है कि वारदात में ऐसा कोई व्यक्ति शामिल हो, जिसे यह पता हो कि व्यापारी हर दिन चांदी के जेवर लेकर दुकान से घर लौटते हैं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

