लकी जैन,उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर को लोग अक्सर उसकी झील, पहाड़ी, प्रकृति और पर्यटन के लिए जानते हैं और देशी-विदेशी पर्यटकों के सामने यह उदयपुर का एक उजियारा पक्ष है, लेकिन उदयपुर का एक स्याह पक्ष भी है, वह है अपराध का। यह जानकर आपको ताजुब्ब होगा कि शांत कहे जाने वाले उदयपुर में प्रदेश के अन्य पुलिस जिलों की तुलना में सबसे ज्यादा मर्डर होते हैं। crime in rajasthan : highest number of murder cases in udaipur district
अपराध के ग्राफ में हत्या हमेशा से घृणित और बेहद गंभीर श्रेणी के अपराध की श्रेणी में गिनी जाती हैं, क्यों कि हत्या जैसे घृणित अपराध का नकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है। राजस्थान में हत्या के मामलों की बात करें तो पूरे राज्य में किसी न किसी कारण से औसतन हर दिन 4 लोग मौत के घाट उतार दिए जाते हैं। हत्या चाहे आपसी रंजिश से हो या लूट-डकैती के लिए, हत्या के पीछे के कारण अक्सर समाज को आईना दिखा जाते हैं।
उदयपुर में एक साल में हुई सर्वाधिक 96 हत्याएं
पुलिस विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में घटित हुई हत्याओं के मामलों पर गौर किया जाए तो प्रदेश में बीते एक वर्ष 1 जनवरी 2024 से 31 जनवरी 2024 तक हत्याओं की 1607 वारदातों को अंजाम दिया गया है, चौंकाने वाली बात है कि पुलिस जिला के अनुसार इनमें सर्वाधिक 96 हत्याएं उदयपुर पुलिस जिले में हुई हैं, जबकि प्रदेश में जयपुर पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण और ग्रामीण सभी क्षेत्रों (पुलिस जिलों) को जोड़ दिया जाए, तो जयपुर में 130 केस दर्ज हुए हैं। हत्या के सर्वाधिक मामले इन पांच जिलों जयपुर में 130, उदयपुर में 96, बीकानेर में 80, अलवर में 64 और भरतपुर जिले में 63 केस दर्ज हुए हैं।
1607 हत्याओं में से 424 मामलों में अपराधी तो पकड़े ही नहीं गए और पुलिस ने लगा दी एफआर
आंकड़ों पर गौर किया जाए तो गत वर्ष प्रदेश में हत्या के कुल दर्ज 1607 मामलों में पुलिस ने 424 मामलों में एफआर लगा दी। आमतौर पर पुलिस हत्या के मामलों में आरोपी की काफी तलाश के बाद भी कुछ पता नहीं चलने पर अदम पता में एफआर लगा देते हैं, इस बात पर गौर किया जाए तो 424 हत्याओं के अपराधी कहीं न कहीं समाज में खुलेआम घूम रहे हैं और किसी को इनका पता नहीं। दर्ज मामलों में हत्या के 405 मामलों की जांच पेंडिंग चल रही है, पुलिस एक वर्ष में घटित हत्या के 761 मामलों में ही आरोपी को पकड़कर चालान पेश कर पायी है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

