फिनलैंड में बनी 18 करोड़ की स्नॉर्कल लैडर का पहली बार आपदा प्रबंधन में हुआ उपयोग
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के बापूबाजार में घड़ी के शोरूम सिल्वर टाइम हाउस में आज मंगलवार सुबह आग लग गई। शोरूम मालिक निकेश वलवानी का परिवार इसी बिल्डिंग की उपरी मंजिल में रहते है जिनको समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि आग लगने से शोरूम में काफी नुकसान हुआ है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की बात सामने आ रही है।(Udaipur Fire broke out in Bapu Bazaar)
बापूबाजार में ग्राउंड प्लस थ्री फ्लोर की बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पर निकेश वलवानी का घड़ियों का शोरूम है। सेकंड फ्लोर पर वलवानी उनकी पत्नी और बेटे के साथ निवास करते है। थर्ड फ्लोर में कुछ सामान रखा हुआ था। आज सुबह वलवानी को बिल्डिंग में धुएं का आभास हुआ तो उन्होंने कमरे से बाहर आकर देखा तो इस आग का पता चला।
आग लगने पर हालांकि स्थिति ऐसी बनी कि वलवानी का परिवार घर में ही फंस गए। सूरजपोल थाना पुलिस के वीरम सिंह और भावेश गुर्जर ने सजगता दिखाते हुए पड़ौसी की छत पर जाकर वलवानी परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।(Udaipur Fire broke out in Bapu Bazaar)
गैस की टंकियों ने आग नहीं पकड़ी,वरना बड़ा नुकसान हो सकता था
नगर निगम के चीफ फायर ऑफिसर बाबूलाल चौधरी और फायर ऑफिसर शिवराम मीणा के सुपरविजन में आग बुझाने का काम हुआ। सबसे पहले शोरूम का शटर तोड़ा गया जिससे ग्राउंड फ्लोर पर जल्दी से आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद स्नॉर्कल लैडर से ऊपरी मंजिल पर भी आग पर काबू पाया। अशोकनगर अग्निशमन केंद्र से 2 फायर ब्रिगेड को मौके पर भेजा गया। उसके बाद भी आग बढ़ने पर निगम के अन्य पांचों अग्निशमन केंद्रों से कुल 9 फायर ब्रिगेड मौके पर भेजी गई और दोपहर तक 19-20 ट्रीप पानी डालकर फायर टेण्डर से आग पर काबू पाया गया।
शोरूम के आसपास धुएं का गुबार छा गया। वलवानी जिस मंजिल पर रहते थे उसमें गैस की दो टंकियां भी रखी हुई थी। निगम की फायर टीम ने तत्काल दोनों टंकियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग तेज होकर यदि गैस की टंकियों तक भी पहुंच जाती तो और ज्यादा नुकसान हो सकता था।
पहली बार अत्याधुनिक फायर ब्रिगेड स्नॉर्कल लैडर का उपयोग हुआ
बापूबाजार में लगी आग पर काबू पाने नगर निगम ने पहली बार अत्याधुनिक फायर ब्रिगेड स्नॉर्कल लैडर को भी उपयोग में लिया। 18 करोड़ की यह अत्याधुनिक फायर ब्रिगेड एरियल हाइड्रोलिक प्लेटफार्म लैडर-60 मीटर (ब्रांटो स्काई लिफ्ट) राज्य सरकार ने फिनलैंड से मंगवा कर नगर निगम उदयपुर को उपलब्ध करवायी थी। इससे 60 मीटर ऊंची बिल्डिंग में आग बुझाई जा सकती है। उस स्नॉर्कल लैडर को आज पहली बार उदयपुर में आपदा प्रबंधन के लिए उपयोग में लिया गया। हालांकि आज जुगाड़ के रूप में स्नॉर्कल लैडर को उपयोग में लिया गया और इसका सफल परिणाम भी देखने को मिला। स्नॉर्कल लैडर को व्यवस्थित रूप में उपयोग में लेने के लिए नगर निगम को वाटर स्टोरेज के तौर पर 15-15 हजार लीटर क्षमता के पांच फायर ब्रिगेड टैंकर की जरूरत है। राज्य सरकार से अभी तक यह व्यवस्था नहीं हो पायी है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

