Site iconSite icon AR Live News

फौजी का बेटा इंजीनियरिंग छात्र निकला शातिर चोर, दो घरों में हुई चोरियों का खुलासा

udaipur sukher police arrest engineering student in theft caseudaipur sukher police arrest engineering student in theft case

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। कहते हैं चोर कितना ही शातिर क्यों न हो, कहीं न कहीं कोई गलती करता है और पकड़ा जाता है, ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला उदयपुर के सुखेर थाना पुलिस के सामने आया है। जिसमें पुलिस ने क्षेत्र स्थित मकानों में हुई चोरियों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। चोर कोई और नहीं, उदयपुर के बेदला निवासी दिल्ली के एमईटी कॉलेज का इंजीनियरिंग स्टूडेंट निकला। जिसके पिता फौज में है, युवक सम्पन्न परिवार से है, लेकिन गलत संगत ने पहले उसे नशे का आदी बनाया और अब चोर बना दिया। (udaipur sukher police arrest engineering student in theft case)

एसपी योगेश गोयल ने बताया कि घरों में चोरी-नकबजनी के आरोप में उदयपुर के सुखदेवी नगर, बेदला निवासी वर्णिक सिंह (20) पुत्र राजेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है। उदयपुर का रहने वाला आरोपी वर्णिक दिल्ली के एक इंजीनियरिंग कॉलेज का स्टूडेंट है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में एक ही दिन में दो घरों से चोरी-नकबजनी की वारदातें कबूली हैं। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए 5 लाख रूपए के जेवर-नकदी बरामद किए हैं। मामले के खुलासे में थानाधिकारी हिमांशु सिंह राजावत के नेतृत्व में एएसआई सुनील विश्नोई, कांस्टेबल धनराज और अचलाराम की विशेष भूमिका रही है।

थानाधिकारी हिमांशु सिंह ने बताया कि आरोपी वर्णिक इतना शातिर है कि चोरी से पहले उसने पूरी योजना बनायी। वर्णिक दिल्ली में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा हैं। 6 अक्टूबर को बेदला स्थित घर से परिजनों को यह कहकर निकला कि वह दिल्ली जा रहा है। उदियापोल रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठ गया। ट्रेन में बैठने के बाद मोबाइल बंद कर लिया और अगले स्टेशन राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद उसने एक स्कूटी किराए पर ली।

किराए की स्कूटी से वह पूर्व में रैकी किए हुए समता नगर बेदला स्थित घर पहुंचा। उस वक्त घर पर परिवार नहीं था और घर पर लॉक लगा था। आरोपी वर्णिक ने कटर से दरवाजा काट दिया और घर से जेवर, नगदी, चेकबुक सहित जो हाथ लगा वह चोरी कर लिया। इसके बाद वह भुवाणा स्थित एक और सूने मकान में घुसा और वहां भी जेवर-नकदी, चेकबुक सहित अन्य दस्तावेज चोरी को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी वर्णिक ने बेदला स्थित मकान से जेवर-नकदी व अन्य दस्तावेज के साथ ही चेकबुक भी चोरी की थी। सामाजिक कार्यक्रम में गए समता नगर बेदला निवासी पीड़ित विवेक शर्मा जब घर लौटे तो उसे चोरी का पता चला, जिसमें साइन किए हुए कुछ चेक नहीं मिले। उन्होंने चोरी हुए सभी सामान के साथ ही इन चेक की जानकारी पुलिस और बैंक को दी थी।

आरोपी वर्णिक ने नहीं पकड़े जाने के लिए सभी सावधानियां बरतीं, लेकिन एक गलती कर बैठा। उसने पहले भुवाणा स्थित घर से चोरी किए चेक बैंक में लगाकर 4 लाख रूपए निकाल लिए। इसके बाद उसका लालच बढ़ गया और उसने ओवर कॉन्फिडेंस में आकर बेदला स्थित घर से चोरी किया एक चेक भी बैंक में लगा दिया। इसकी जानकारी पुलिस और बैंक को थी और इसी गलती से वह पकड़ा गया। हालां कि पकड़ में आने के बाद भी उसने पुलिस को काफी गुमराह किया और कहा कि यह चेक उसे पड़ा मिला था, उसने चोरी नहीं किया था। लेकिन पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने दो घरों में चोरी करना कबूल लिया।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

Exit mobile version