जिसकी आशंका थी, वहीं शुरू हुआ : आदमखोर को पकड़ने में वन विभाग की नाकामी के बाद अब उदयपुर की वाइल्ड लाइफ खतरे में
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर जिले के गोगुंदा से नजदीक सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में शुक्रवार तड़के पैंथर ने मवेशियों के बाड़े में हमला कर एक ग्रामीण को घायल कर दिया, इससे गुस्साए ग्रामीणों ने उस पैंथर को घेर कर कुल्हाड़ी-डंडों से पीट-पीट कर मार डाला। हालां कि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह मृत पैंथर वह आदमखोर पैंथर है या नहीं, जिसने गोगुंदा के 7 गांवों में 7 लोगों का शिकार किया था। वन विभाग ने मृत पैंथर का पोस्टमार्टम कर सैंपल लिए हैं, जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह पैंथर आदमखोर था या नहीं। udaipur villagers killed panther by beaten after panther attack in sayra gogunda
रात्रि जागरण के कारण बड़ी संख्या में मौजूद थे ग्रामीण
सायरा थानाधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि कमोल गांव निवासी देवाराम गमेती (55) पैंथर हमले में गंभीर घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, उनकी हालत स्थिर है। बीती रात गांव में नवरात्रि जागरण चल रहा था, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। शुक्रवार तड़के पैंथर ने देवाराम के घर के पास बाड़े में मवेशियों पर हमला कर दिया, मवेशियों की आवाज सुनकर देवाराम बाड़े में पहुंचे और जैसे ही बाड़े का गेट खोला तो पैंथर ने देवाराम पर हमला कर दिया। पैंथर से बचने का प्रयास करते हुए देवाराम ने मदद के लिए शोर मचाया।
देवाराम की आवाज सुनकर परिजन व ग्रामीण पहुंचे, तो पैंथर ने देवाराम को छोड़कर जंगल की तरफ भागने का प्रयास किया। इतनी देर में रात्रि जागरण में मौजूद अन्य ग्रामीण देवाराम के बाड़े तक पहुंच गए और पैंथर को घेर लिया। ग्रामीणों ने पैंथर को कुल्हाड़ी और डंडों से पीट-पीट कर मार डाला। परिजनों ने गंभीर घायल देवाराम को हॉस्पिटल पहुंचाया।
खौफजदा ग्रामीण पैंथर के डर से हर वक्त लाठी, डंडे लेकर चलते हैं
सायरा थाना क्षेत्र का कमोल गांव गोगुंदा थाना क्षेत्र के उन गांवों से करीब 20-25 किलोमीटर दूर ही है, जहां आदमखोर पैंथर ने 7 लोगों का शिकार किया था। पिछले कुछ दिनों से आदमखोर पैंथर के आखिरी शिकार के गांवों केलवों का खेड़ा और राठौड़ों का गुड़ा में पैंथर की मौजूदगी नजर नहीं आ रही थी, वहीं 20-25 किमी दूर सायरा थाना क्षेत्र के ढोल, कमोल गांवों में हमले बढ़े हैं। इन गांवों में भी पैंथर से खौफजदा ग्रामीण हर वक्त लाठी, डंडे लेकर चलते हैं। बीती रात जब पैंथर ने ग्रामीण पर हमला किया तो ग्रामीणों ने उसे घेर कर मार डाला।
खतरे में वाइल्ड लाइफ
आदमखोर पैंथर द्वारा ग्रामीणों को मारने की घटनाओं के बाद वन्यजीव प्रेमियों ने आशंका जताई थी कि उदयपुर की वाइल्ड लाइफ खतरे में है। वन विभाग आदमखोर पैंथर को पकड़ने में नाकाम रहा है। उदयपुर के वनक्षेत्रों में फूड चेन टूट चुकी है, वन क्षेत्रों में पैंथर के खाने के लिए कुछ बचा नहीं हैं, ऐसे में पैंथर का आबादी बस्ती में मूवमेंट और ग्रामीणों व पैंथर के बीच संघर्ष बढ़ेगा।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

