Site iconSite icon AR Live News

इस सीजन में जयसमंद में सिर्फ साढ़े छह फीट पानी आया

jaisamand lake udaipur salumbar rajasthanjaisamand lake udaipur salumbar rajasthan

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। इस मानसून में मेवाड़ के अधिकांश जलाशय लबालब हो गए और उन पर चादर भी चली, लेकिन विश्व विख्यात जयसमंद में इस मानसून सीजन में महज साढ़े छह फीट पानी आया। कैचमेंट में उम्मीद अनुरूप बारिश नहीं होने से जयसमंद का जलस्तर अभी तक 27.5 फीट के मुकाबले करीब 16 फीट ही हुआ है और झील करीब साढ़े 11 फीट अभी भी खाली है। यह स्थिति तब है जब मानसून के राजस्थान से विदा होने का समय आ गया है।(jaisamand lake udaipur)

इस साल 25 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मेवाड़-हाडौती के रास्ते राजस्थान में प्रवेश किया था। उस वक्त जयसमंद का जलस्तर 27.5 फीट के मुकाबले करीब 9 फीट था जो कि 21 सितंबर 2024 को बढ़कर करीब 16 फीट पर पहुंचा है। ऐसे में जयसमंद अभी भी करीब साढ़े 11 फीट खाली है। जलसंसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार पिछले 24 घंटे में इसके जलस्तर में 10 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है।

राजस्थान से जल्द ही मानसून विदा होने वाला है। ऐसे में इस मानसूनी सीजन में अब जयसमंद के भरने की उम्मीद बहुत कम है। उम्मीद अनुरूप पानी की आवक नहीं होने का असर जयसमंद की पेयजल वितरण व्यवस्था से जुड़े उदयपुर शहर की कई कॉलोनियों के साथ ही जयसमंद के आसपास के गांवों पर भी असर देखने को मिल सकता है। विश्वविख्यात जयसमंद झील में 9 नदियों और 99 नालों का संगम होता है। सलूंबर नया जिला बनने से अब जयसमंद सलूंबर जिले का पार्ट है। पहले जयसमंद झील उदयपुर जिले में आती थी।(jaisamand lake udaipur)

झील की पाल पर पत्थरों के हाथी बने हुए हैं। अंतिम छोर के हाथी के पांव की जंजीर पर जैसे ही पानी पहुंचता है जयसमंद झील ओवरफ्लो हो जाती है। एक खास बात यह है कि जयसमंद के ओवरफ्लो होने के 3 पॉइंट बने हुए हैं। जयसमंद की भराव क्षमता 14650 एमसीएफटी है इसमें से 500 एमसीएफटी पानी पेयजल व्यवस्था के लिए आरक्षित किया हुआ है। शेष पानी से जयसमंद के कमांड एरिया के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलती है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

रोचक  वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज  के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


Exit mobile version