उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के पुराने आरटीओ के पास स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम के साथ टैंपरिंग (छेड़छाड़) कर धोखाधड़ी के प्रयास का मामला सामने आया है। बदमाशों ने एटीएम मशीन के अगले हिस्से में जहां से रूपए निकलते हैं, उसके अंदर की तरफ ब्राउन टेप चिपकाई हुई थी, ताकि कोई ग्राहक एटीएम से रूपए निकाले तो मशीन से रूपए बाहर नहीं आएं, लेकिन ग्राहक के खाते से कट जाएं। परेशान ग्राहक एटीएम कैबिन से जैसे ही जाए बदमाश आकर मशीन से दोबारा छेड़छाड़ कर रूपए निकाल लें। (ATM fraud in udaipur)
प्रतापनगर थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि एक्सिस बैंक को इस संबंध में सूचना दी गयी है, वे अपने स्तर पर जांच करवाकर हमें रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करवाएंगें। एटीएम मशीन के साथ छेड़छाड़ कर उसमें टेप लगाने वालों की सीसीटीवी फुटेज के जरिए पहचान की जाएगी और अग्रिम कार्यवाही होगी।
स्थानीय नागरिक की जागरूकता से एटीएम टैंपरिंग के इस तरीके का खुलासा हुआ
पुलिस ने बताया कि आज सुबह स्थानीय निवासी तेजपाल सिंह एक्सिस बैंक के एटीएम पर रूपए निकालने गए। एटीएम कार्ड से प्रोसेस करने के बाद उनके खाते से रूपए तो कट गए लेकिन एटीएम मशीन से रूपए नहीं निकले। मशीन में जहां से रूपए निकलते हैं, वहां उन्होंने देखा तो उन्हें अंदर की तरफ कुछ टेप जैसा लगा दिखायी दिया। जिस पर उन्होंने बैंक अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में जब एटीएम मशीन का अगला हिस्सा खोला गया तो रूपए निकलने वाली जगह पर अंदर से ब्राउन टेप चिपकी हुई मिली और तेजपाल के खाते से निकले रूपए मशीन में बाहर की तरफ दिखायी दे रहे थे।
मतलब अगर तेजपाल एटीएम मशीन के कैबिन से चले जाते तो संभवतः टैंपरिंग करने वाले बदमाश आकर मशीन का अगला हिस्सा खोलकर ग्राहकों के खातों से निकले रूपए लेकर चले जाते। रविवार बैंक में छुट्टी रहती है, इससे मशीन से रूपए नहीं निकलने और खाते से रूपए कट जाने को लेकर ग्राहकों को कोई तत्काल राहत भी नहीं मिल पाती। लेकिन स्थानीय निवासी तेजपाल सिंह ने जागरूकता और समझदारी दिखायी, जिससे न सिर्फ कई लोग धोखाधड़ी से बच गए, बल्कि बदमाशों के इस एटीएम टैंपरिंग के तरीके का भी खुलासा हुआ, ताकि अन्य लोग भी सावधान रह सकें।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

