मेवाड़ में 10 से 12 सिंतबर के बीच फिर हो सकती तेज बारिश
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। कैचमेंट से आवक जारी रहने पर आखिरकार 60 फीट पूर्ण भराव स्तर वाला आकोदड़ा बांध छलक गया है। इसका पानी मानसी वाकल बांध को भरेगा। मानसी वाकल बांध अब एक मीटर और खाली है। वल्लभनगर बांध भी सोमवार शाम को छलक गया। मौसम विभाग ने 10 से 12 सितंबर के बीच उदयपुर, कोटा, जयपुर व भरतपुर संभाग में कहीं कहीं भारी और कुछ भागों में अति भारी बारिश की संभावना जतायी है। बीती रात भरतपुर जिले के नगर में सर्वाधिक 224 मिलीमीटर यानी करीब 9 इंच बारिश दर्ज हुई।(akodara dam overflow)
बड़ी तालाब और मदार नहर से आवक जारी रहने से फतहसागर के ओवरफ्लो गेट से झरना और वेग से गिरने लगा है। इधर सीसारमा नदी से आवक बनी रहने स्वरूपसागर के चारों गेट और आयड़ नदी से आवक बनी रहने पर उदयसागर के दोनों गेट खोलकर लगातार पानी की निकासी की जा रही है। उदयसागर का जलस्तर अब जाकर कहीं कम हुआ है जो कि क्षमता से अधिक भर चुका था।
अब वल्लभनगर बांध से भरेगा बड़गांव बांध
उदयसागर बांध से आवक बनी रहने से 19.50 फीट पूर्ण भराव स्तर वाला वल्लभनगर बांध भी सोमवार शाम को छलक गया। वल्लभनगर बांध भी उदयसागर की भराव क्षमता के बराबर का बांध है। उदयसागर की भराव क्षमता 1100 एमसीएफटी है जबकि वल्लभनगर बांध 1076 एमसीएफटी भराव क्षमता का बांध है। वल्लभनगर बांध का पानी बड़गांव बांध पहुंचेगा। बड़गांव बांध का जलस्तर अभी तक 25 फीट के मुकाबले करीब 12 फीट हुआ है।
कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 10 सितंबर को पूर्वी राज के अनेक भागों में मध्यम से तेज बारिश होने तथा कोटा व उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। 11 और 12 सितंबर को पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, कोटा, उदयपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में भारी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने तथा कहीं-कहीं अतिभारी बारिश होने की संभावना है।
भरतपुर के नगर में सर्वाधिक 224 मिलीमीटर बारिश हुई
पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं पर अतिभारी वर्षा दर्ज की गईं राज्य में भरतपुर के नगर में सर्वाधिक 224 मिलीमीटर बारिश हुई, पहेरी में 118 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इधर बांसवाड़ा के बागीदौरा में 77, जगपुरा 60, डूंगरपुर धंबोला 86, निठाउवा 85, प्रतापगढ़ 91, अरनोद 64, जयसमंद 35, केजड़ में 35 मिलीमीटर बारिश हुई।
अलसीगढ़ क्षेत्र में स्थित देवास प्रथम बांध का गेट एक फीट खोलकर पानी को पीछोला में डायवर्ट किया जा रहा है। जबकि मादड़ी बांध ओवरफ्लो होने से इसका पानी मानसी वाकल बांध पहुंच रहा हैं। जलसंसाधन विभाग चाहे तो आकोदड़ा और मादड़ी बांध का पानी भी उदयपुर लाकर बड़गांव बांध को जल्द भरा जा सकता है। बड़गांव बांध छलकने पर इसका पानी घोसुंडा बांध को भरता है।(akodara dam overflow)
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

