सीसारमा के पानी से पीछोला का गेज 9 फीट के करीब पहुंचा
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। कैचमेंट में रूक रूक कर बारिश का दौर बना रहने से अब मदार बड़ा और मदार छोटा तालाब के छलकने की उम्मीदें भी बढ़ती जा रही है। इन दोनों पर चादर चलते ही फतहसागर में आवक बढ़ेगी। फतहसागर का जलस्तर फिलहाल 13 फीट के मुकाबले 6 फीट है। इधर सीसारमा नदी से आवक बनी रहने से पीछोला का जलस्तर 11 फीट के मुकाबले 9 फीट के करीब पहुंच गया है।(Madar talab may overflow)
कैचमेंट से हो रही आवक से 24 फीट पूर्ण भराव स्तर वाले मदार बड़ा तालाब का जलस्तर आज गुरूवार को 22 फीट 4 इंच हो गया है। मंगलवार को इसका जलस्तर 19 फीट 3 इंच था। दो दिन में इसमें करीब 3 फीट पानी बढ़ा है। मदार छोटा तालाब का जलस्तर मंगलवार को 13 फीट 10 इंच था जो आज बढ़कर 17 फीट 6 इंच हो गया है। ऐसे में अब मदार बड़ा में डेढ़ फीट और मदार छोटा में साढ़े तीन फीट पानी और आते ही इन पर चादर चलने की उम्मीद बंधी है।(Madar talab may overflow)
आकोदड़ा बांध में करीब पांच फीट पानी बढ़ा
देवास प्रोजेक्ट 2 के तहत बने आकोदड़ा बांध के जलस्तर में करीब पांच फीट की बढ़ोतरी हुई है। इसका गेज 60 फीट के मुकाबले 21 फीट के करीब पहुंच गया है। मादड़ी बांध और देवास प्रथम बांध के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई है। हालांकि इन तीनों बांधों का पानी पीछोला में डायवर्ट करने के लिए अभी तीनों में काफी पानी की और जरूरत है।
ऋषभदेव क्षेत्र के कलियाबावसी स्कूल में छत का प्लास्टर गिरा
रखरखाव के अभाव में ऋषभदेव क्षेत्र में ग्राम पंचायत पीपली-अ में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कलियाबावसी में बरामदे और क्लास रूम की छत का प्लास्टर नीचे आ गिरा। छत का प्लास्टर कमजोर होने से स्कूल अध्यापकों ने पहले ही सावधानी बरतते हुए बच्चों को पास ही के क्लास रूप में एक साथ बैठा रखा था। क्षे़त्रवासियों के अनुसार इस स्कूल में 257 छात्र पढ़ते है और स्कूल में 4 क्लास रूम में से 2 की छत कमजोर हो चुकी है। दो क्लास रूम में भी बारिश के समय पानी टपकता है। इस तरफ कोई ध्यान देने वाला नहीं है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

