शहर में फिलहाल सभी जगह शांति
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर के सरकारी स्कूल में सहपाठी द्वारा चाकू मारने से दसवीं के 15 वर्षीय छात्र देवराज मोची की सोमवार शाम हुई मौत के बाद आज मंगलवार सुबह अंतिम संस्कार हुआ। बड़ी संख्या में शहरवासी देवराज की अंतिम यात्रा में शामिल हुए और श्रद्धांजलि अर्पित की। शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे इसलिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। अंतिम यात्रा में विधायक ताराचंद जैन, फूल सिंह मीणा, सहित अन्य नेता, जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। (udaipur student stabbing case : devraj funeral citizens tribute with teary eyes)
बीती रात 51 लाख रूपए आर्थिक संबल राशि, परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी, परिवार को सुरक्षा देने, केस फास्ट ट्रेक कोर्ट में चलने और एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई करने जैसी मांगों पर प्रशासन और परिजनों के बीच सहमति के बाद बीती रात पोस्टमार्टम हुआ था और सुबह 7 बजे अंतिम संस्कार का समय निश्चित किया गया था। परिजनों और शहरवासियों ने यह मांग भी उठाई है कि आरोपी छात्र की उम्र को ध्यान में न रखकर उसके कृत्य को ध्यान में रखकर कानूनी कार्रवाई हो।
घर से शुरू हुई अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल हुए शहरवासी
जिला प्रशासन ने आज सुबह करीब 4 बजे देवराज के शव को परिजनों के सुपुर्द किया। शव एमबी हॉस्पिटल की मोरचरी से खैरादीवाड़ा स्थित घर ले जाया गया। जहां परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, परंपरागत तरीके से अंतिम संस्कार की सभी क्रियाएं होने के बाद अंतिम यात्रा शुरू हुई, बड़ी संख्या में शहरवासी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। अंतिम यात्रा खैरादीवाड़ा से निकलकर अशोक नगर मोक्षधाम पहुंची। जहां देवराज को शहरवासियों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। (udaipur student stabbing case : devraj funeral citizens tribute with teary eyes)
शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
कानून व्यवस्था संभालने के लिए शहर में जगह-जगह बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। धारा 163 (पुराने कानून की धारा 144) लागू है और नेटबंदी जारी है। आईजी अजयपाल लांबा ने शहरवासियों से शांति बनाए रखने की अपील की है और स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि उदयपुर शहर जल्द से जल्द वापस उसकी दिनचर्या पर लौटे और स्थिति सामान्य हो जाए।
बीते पांच दिनों में क्या कुछ हुआ
पहला दिन : 16 अगस्त
- सुबह 10.30 देवराज को स्कूल के सहपाठी ने चाकू मारकर घायल किया।
- 11.30 तक देवराज को साथी छात्रों ने टीचर की स्कूटी से हॉस्पिटल पहुंचाया, परिजन, स्कूल स्टाफ, पुलिस सभी हॉस्पिटल पहुंचे।
- 12 बजे तक बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों सहित विभिन्न संगठनों के लोग हॉस्पिटल में इकट्ठा हो गए।
- दोपहर तक पुलिस ने देवराज को चाकू मारने वाले आरोपी छात्र को डिटेन कर लिया, इसके बाद उसके पिता को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
- दोपहर 3 बजे बाजार बंद करवाए जाने शुरू किए गए, बाजार बंद करवाने के दौरान ही कुछ अराजक लोगों ने शहर में तोड़-फोड़, पत्थरबाजी और आगजनी की।
- विभिन्न हिंदू संगठनों की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई के साथ ही आरोपी छात्र के घर को गिराने की मांग की।
- 16 अगस्त की रात उदयपुर प्रशासन ने नेटबंदी के आदेश जारी किए गए और धारा 163 (धारा 144) लागू कर दी गयी।
दूसरा दिन : 17 अगस्त
- आरोपी छात्र को जेजे बोर्ड में पेश कर सुधार ग्रह भेज दिया गया। इधर पूरे शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात हो गयी।
- घायल देवराज के पिता कुवैत में नौकरी करते हैं, वे सूचना मिलते ही कुवैत से निकले अगले दिन 17 अगस्त तक उदयपुर आ गए।
- सरकार ने छात्र देवराज की गंभीर हालत को देखते हुए उसके उपचार के लिए जयपुर और कोटा से उदयपुर भेजा। लेकिन छात्र की स्थिति अत्यधिक रक्तस्त्राव के कारण गंभीर बनी रही।
- जिला प्रशासन और पुलिस ने आरोपी छात्र का दिवानशाह कॉलोनी, माछला मगरा स्थित घर गिरा दिया।
तीसरा दिन : 18 अगस्त
- बच्चे को लेकर अफवाहें फैली तो हॉस्पिटल में गहमागहमी का माहौल बना, परिजनों ने जब छात्र को देखा और चिकित्सकों से बात की तब शांत हुए।
- सैंकड़ों लोग हॉस्पिटल में लगातार तीन दिन बैठे रहे और देवराज के बेहतर स्वास्थ्य की प्रार्थना करते रहे।
- बच्चे की एक बार पल्स रेट कम हुई और बीपी गिरा तो चिकित्सकों से दवाई की डोज बढाई। लेकिन बच्चे की स्थिति नाजुक बनी रही।
चौथा दिन : 19 अगस्त
- देवराज की बहन ने आईसीयू में जाकर उसे राखी बांधी और लंबी उम्र की कामना की।
- 19 अगस्त शाम को देवराज ने अंतिम सांस ली।
- गहमागहमी के माहौल के बीच प्रशासन और परिजनों के बीच कुछ मांगों पर बनी सहमति के बाद पोस्टमार्टम हुआ।
पांचवां दिन : 20 अगस्त
- अंतिम संस्कार हुआ, शहरवासियों ने देवराज को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
- नेटबंदी जारी, धारा 163 लागू और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

