Site iconSite icon AR Live News

जीबीएच अमेरिकन के पक्ष में छात्रों और परिजनों ने कलेक्ट्री के बाहर किया प्रदर्शन

gbh american medical students protest at collectorate udaipurgbh american medical students protest at collectorate udaipur

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जीबीएच अमेरिकन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में स्वीकृति से विपरीत हुए निर्माण को सीज करने की कार्रवाई के बीच अब पूरा मुद्दा जीबीएच अमेरिकन बनाम विधायक फूल सिंह मीणा बनता जा रहा है। गुरूवार को जीबीएच अमेरिकन पर हो रही कार्रवाई के विरोध में वहां के छात्र, मरीजों के परिजन और डॉक्टर्स ने कलेक्ट्री के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। वहीं भाजपा के शहर जिला अध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली भी कुछ जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्री पहुंचे और जीबीएच अमेरिकन द्वारा विधायक फूल सिंह मीणा व उनके भतीजे पर लगाए गए आरोपों की न्यायिक जांच की मांग की। (gbh american medical students protest at collectorate udaipur)

कॉलेज के मेडिकल छात्र और वहां कार्यरत स्टाफ ने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल 2015 में बना, कॉलेज का निर्माण कलेक्टर से लेकर सभी अधिकारियों को नेताओं को दिख रहा था। 2017 से कॉलेज संचालित है, इतने सालों में किसी को बिना स्वीकृति का निर्माण नहीं दिखा, इमरजेंसी सेवाओं से लेकर कोरोना काल के समय भी हॉस्पिटल में मरीजों का इलाज हुआ, हमने जान जोखिम में डालकर कोरोना पीड़ितों का इलाज किया, तब किसी को निर्माण स्वीकृति की याद नहीं आयी। यह कार्रवाई विधायक फूल सिंह मीणा की निजी द्वेषता के चलते हो रही है, जो बिना किसी पर्याप्त नोटिस के 72 घंटों में सीज की कार्रवाई हुई।

हॉस्पिटल में कार्यरत डॉक्टर्स ने कहा यूडीए की टीम हॉस्पिटल के जिस फ्लोर को सीज करने की बात कर रही है, वहां कार्डियोलॉजी का आईसीयू वार्ड है, जहां हमेशा मरीज इमरजेंसी में ही आते हैं। जो मरीज आईसीयू में भर्ती हैं. उन्हें कहां लेकर जाएंगे। अगर इन मरीजों को कहीं और शिफ्ट किया जाता है और रास्ते में उनके साथ कोई अनहोनी हो जाती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।

कुछ जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्री पहुंचे भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच होनी चाहिए। विधायक फूल सिंह मीणा या उनके भतीजे पर जो 15 लाख रूपए मांगने के आरोप लगे हैं, उनकी जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके कि जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल अपने बचाव में विधायक पर सही आरोप लगा रहे हैं या आरोप झूठे हैं। पूरे प्रकरण में जो भी दोषी पाया जाए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जनप्रतिनिधि पर इस तरह से आरोप लगाया जाना गंभीर है, आमजनता सच्चाई जानना चाहती है और इसलिए हमने कलेक्टर से पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

Exit mobile version