सैकंड हैंड गाड़ी खरीददार ध्यान रखें कि बेचने वाले से कार की दोनों चाबी लें
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर की हाथीपोल थाना पुलिस को कार चोर को पकड़ने के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म OLX पर कस्टमर बनना पड़ा। पुलिस ने कस्टमर बनकर ओएलएक्स के जरिए कार चोर से संपर्क किया और कार देखने के लिए उसे बुलाया। कार चोर जब कार लेकर पहुंचा तो पुलिस ने उसे धरदबोचा। (udaipur police caught car thief on OLX online platform)
हाथीपोल थानाधिकारी आदर्श कुमार परिहार ने बताया कि जयपुर के सांगानेर, शिवदासपुरा निवासी चंन्द्रमोहन शमी 28 पुत्र नंदकिशोर शर्मा को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से चोरी की गयी कार भी बरामद कर ली गयी है। खासबात है कि आरोपी चन्द्रमोहन ने जो कार चोरी की वह उसका पहला ओनर था। आर्थिक तंगी होने पर उसने यह कार इसी वर्ष cardekho.com कंपनी को बेच दी थी, लेकिन कार बेचते समय कंपनी को कार की एक ही चाबी दी थी। कार की इसी चाबी से आरोपी चन्द्रमोहन ने कार वर्तमान मालिक के यहां से चोरी की और इसे दोबारा बेचने का प्रयास किया। ऐसे में सैकंड हैंड गाड़ी खरीदते समय खरीददार ध्यान रखें कि वे कार की दोनों चाबियां बेचने वाली कंपनी/एजेंट/पहले मालिक से जरूर लें।
आरोपी ने कार खरीददार का पता निकाला और चोरी करने आ गया जयपुर से उदयपुर
पुलिस ने बताया कि आरोपी चन्द्रमोहन ने 2023 में कार खरीदी थी। आर्थिक तंगी के कारण 2024 में कुछ महीने पहले यह कार “कार देखो” कंपनी को बेच दी, कंपनी से यह कार उदयपुर के सुरेश कुमार ने खरीदी। कुछ दिनों पूर्व चन्द्रमोहन ने कार का रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन चेक किया तो देखा कि कार सुरेश कुमार चौहान के नाम ट्रांसफर हो चुकी थी। चन्द्रमोहन ने वहीं से सुरेश कुमार का एड्रेस लिया और चोरी करने जयपुर से उदयपुर आ गया। उसने उदयपुर में दो दिन होटल में ठहरकर कार की रैकी की। उस होटल में ठहरा जो कार की लोकेशन के पास हो। 1 जुलाई के तड़के 4 बजे होटल से निकलकर पैदल-पैदल कार तक पहुंचा। पहले से उसके पास मौजूद कार की पहली चाबी से कार अनलॉक की और कार लेकर जयपुर चला गया।
कार बेचने के लिए OLX पर डाली
आरोपी चन्द्रमोहन ने कार बेचने के लिए उसकी जानकारी OLX पर डाल दी। इसी बीच प्रार्थी सुरेश कुमार ने कार चोरी होने की रिपोर्ट हाथीपोल थाने में दी। सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल से पता चला कि कार को बड़ी आसानी से अनलॉक किया गया था। इस पर पुलिस ने प्रार्थी से कार की दोनों चाबी मांगी, तो पता चला कि उन्हें कंपनी ने एक ही चाबी दी थी। इससे कार के पहले मालिक चन्द्रमोहन पर संदेह गहराया। पड़ताल में कार चन्द्रमोहन के पास होना पता चला। इसके बाद पुलिस ने चन्द्रमोहन से OLX पर ग्राहक बनकर बात की और कार देखने बुलाया। जैसे ही आरोपी चन्द्रमोहन कार लेकर आया, पुलिस ने उसे धरदबोचा।
पुलिस टीम : वारदात के खुलासे में हाथीपोल थानाधिकारी आदर्श कुमार, हेडकांस्टेबल हेमेन्द्र सिंह, कांस्टेबल बाबूलाल, प्रकाशचन्द्र, मांगीलाल और कैलाश की मुख्य भूमिका रही है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

