उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर में शुक्रवार सुबह की शुरूआत हादसों से हुई। फतहसागर और गंगूकुंड में हुए दो अलग-अलग हादसों में दो घरों के चिराग डूब गए। फतहसागर झरने के पास डूबा युवक एथलीट था और वह तैरने में भी माहिर होना चाहता था, लेकिन फतहसागर के झरने के पास गहराई व जलीय घास का उसे अंदाजा नहीं लगा, जैसे ही युवक ने उसके हाथ से पकड़ी ट्यूब छोड़ी वह डूब गया। वहीं गंगूकुंड में हुए हादसे में युवक को तैरना नहीं आता था, वह किनारे बनी सीढ़ियों पर बैठकर नहाने गया था, लेकिन इसी दौरान वह पानी में गिर गया और डूब गया। drowning incident in udaipur
पुलिस ने बताया कि फतहसागर झरने के पास डूबने से टेकरी-मादड़ी लिंक रोड निवासी मंथन अधिकारी (24) पुत्र देवेन्द्र अधिकारी और गंगूकुंड में डूबने से आयड़ निवासी प्रहलाद (39) पुत्र नाथूलाल खटीक की मौत हुई है।
एथलीट मंथन तैरने में माहिर होना चाहता था
अंबामाता थाने के एएसआई नरेन्द्र सिंह ने बताया कि फतहसागर झरने के पास डूबने से टेकरी-मादड़ी लिंक रोड निवासी मंथन अधिकारी (24) पुत्र देवेन्द्र अधिकारी की मौत हुई है। मंथन एक एथलीट था। वह आज शुक्रवार सुबह अंकल और उनकी बेटी के साथ फतहसागर गया था। अंकल तो पानी के बाहर खड़े थे, मंथन और अंकल की बेटी तैरने के लिए पानी में उतरे। दोनों ने हाथ में ट्यूब पकड़ी हुई थी।
फतहसागर झरने के पास पानी की गहरायी और पानी के अंदर जलीय घास का मंथन को अंदाजा नहीं था, एथलीट होने के साथ ही मंथन तैरने में भी माहिर होना चाहता था, इसलिए उसने ट्यूब छोड़कर तैरने की कोशिश की। लेकिन जैसे ही उसने ट्यूब छोड़ी, वह गहरे पानी में चला गया, नीचे जलीय घास ज्यादा होने से वह ऊपर नहीं आ सका और डूबने से उसकी मौत हो गयी। मंथन जब पानी से बाहर नहीं आया तो अंकल और उनकी बेटी को उसके डूबने का अंदेशा हुआ। इस पर उन्होंने आस-पास मौजूद अन्य लोगों को बोला, सूचना पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। जलीय घास के चलते सिविल डिफेंस की टीम को रेस्क्यू में काफी दिक्कत आयी। काफी मशक्कत के बाद मंथन के शव को बाहर निकाला जा सका।
गंगूकुंड पर नहाने गया था युवक, डूब गया
भूपालपुरा थाना एएसआई हीर सिंह ने बताया कि गंगूकुंड में डूबने से आयड़ निवासी प्रहलाद (39) पुत्र नाथूलाल खटीक की मौत हुई है। आज शुक्रवार सुबह प्रहलाद गंगूकुंड में नहाने गया था, उसे अच्छे से तैरना नहीं आता था, इसलिए वह कुंड के किनारे सीढ़ियों पर बैठकर ही नहा रहा था, लेकिन इसी दौरान संभवतः पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से वह कुंड में गिर गया, तैरना नहीं आने से वह बाहर नहीं आ सका और गहरे पानी में डूब गया। गंगूकुंड पर आए अन्य लोगों ने जब युवक को डूबते देखा तो पुलिस को सूचना दी। सिविल डिफेंस की टीम की मदद से युवक को बाहर निकाला और हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। (udaipur today two young man drowns in fatehsagar and gangu kund)
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

