वैष्णो देवी जी दर्शन कर लौट रहे थे
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जम्मू-कश्मीर में तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर रविवार शाम हुए आतंकी हमले में 4 राजस्थानियों सहित 10 श्रद्धालुओं की मौत हुई है। चारों मृतक जयपुर के एक ही परिवार से संबंधित हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया एक्स पर इस बात की पुष्टि करते हुए दुख व्यक्त किया है, साथ ही दिवंगतों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द जम्मू-कश्मीर से जयपुर लाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। हमले में पूजा सैनी (30) पत्नी पवन, बेटा लेवांश (2), पूजा के चाचा-चाची राजेन्द्र सैनी (42), ममता सैनी (40) की मौत हुई है। वहीं पूजा के पति पवन सैनी गंभीर घायल हैं। (jammu kashmir bus terror attack)
दर्शन कर लौट रहे थे, तभी बस पर हुआ आतंकी हमला
जानकारी के अनुसार हमले के समय बस में करीब 45 सवारियां थीं, जिनमें जयपुर के हरमाडा थाना क्षेत्र के पांच्यावाली ढाणी निवासी पवन कुमार सैनी, इनकी पत्नी पूजा, बेटा लिवांश सहित चौमूं निवासी दंपत्ति राजेन्द्र सैनी-ममता सैनी बैठे हुए थे। ये पांचों 5 जून को जयपुर से वैष्णो देवी जी के दर्शन करने गए थे। वैष्णो देवी जी के दर्शन के बाद उन्होंने शिव खोड़ी में दर्शन किए। 9 जून की शाम बस से शिव खोड़ी से लौट रहे थे, तभी अचानक इनकी बस पर आतंकी हमला हो गया।
आतंकवादियों ने बस पर अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग के बीच बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। आतंकी हमले में बस में सवार 10 लोगों की मौत हो गयी, जिनमें जयपुर निवासी पूजा पत्नी पवन, इनका बेटा, दंपत्ति राजेन्द्र सैनी और ममता की मौत हो गयी है, वहीं पवन गंभीर घायल हैं।
परिवार ने बेटी-दोहिता, भाई-भाभी को खो दिया
पीड़ित परिवार के ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि इस हमले में उन्होंने बेटी पूजा, दोहिता लेवांश, छोटे भाई पति-पत्नी राजेन्द्र-ममता को खो दिया है। राजेन्द्र चौमूं में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता था। उसके तीन बच्चे हैं, बड़ी बेटी 21 वर्षीय बीएड कर रही है, उससे छोटा 19 वर्षीय बेटा कॉलेज में है, वहीं सबसे छोटा बेटा 17 वर्षीय स्कूल में है। तीनों बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ जाने से पूरा परिवार टूट गया है। 4 pilgrims from jaipur killed in jammu kashmir bus terror attack, pilgrims returning from vaishno devi ji
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

