जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। एप के जरिए बिटकॉइन में निवेश के बहाने करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले में सीबीआई ने बुधवार को देश के 10 राज्यों में 30 स्थानों पर छापेमारी की है। सीबीआई ने राजस्थान के 6 ठिकानों पर भी छापेमारी की है। मामला एचपीजेड टोकन एप (HPZ Token App)से जुड़ा हुआ है। संबंधित ठिकानों से सीबीआई ने मोबाइल, कंप्यूटर हार्ड ड्राइव, सिम कार्ड, एटीएम-डेबिट कार्ड, ईमेल खाते और विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेजों सहित महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। (HPZ Token App fraud case)
सीबीआई से प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच एजेंसी ने दो निजी कंपनियों और उनके निदेशकों के खिलाफ IPC की धारा 120-बी, 419, 420 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 66 डी के तहत मामला दर्ज किया था। जिसमें आरोप है कि एचपीजेड टोकन ऐप से संबंधित धोखाधड़ी वाली निवेश योजना में आरोपी संलिप्त थे। इस योजना के तहत आमजन को क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर झांसा दिया जा रहा था।
भारी मुनाफे का वादा करके एप के जरिए करवाया निवेश
सीबीआई के अनुसार एचपीजेड एक एप आधारित टोकन है, जो उपयोगकर्ताओं को बिटकॉइन एवं अन्य क्रिप्टो मुद्राओं के लिए खनन मशीनों में निवेश करके बड़े लाभ का वादा करता है। जालसाजों ने पीड़ितों को बिटकॉइन खनन में उनके निवेश पर भारी मुनाफा का लालच देकर एचपीजेड टोकन ऐप में निवेश करवाया।
निवेशकों से धन एकत्रित करने के लिए 150 खातों का किया उपयोग
अब तक की जांच से पता चला है कि आरोपियों से संबंधित लगभग 150 बैंक खातों में निवेशकों से धन एकत्र किया। शुरूआत में निवेशकों में विश्वास बढ़ाने के लिए 150 बैंक खातों में जमा धनराशि को कुछ निवेशकों को मुनाफे के तौर पर राशि का भुगतान किया जाता था और जब निवेशक लालच में बड़ी राशि निवेश कर दे तो इस धन को अवैध रूप से क्रिप्टोकरेंसी में परिवर्तित कर या हवाला के जरिए भारत से बाहर स्थानांतरित किया जाता था।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

