उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। प्रतापनगर थाना पुलिस (udaipur pratapnagar police) ने ज्वैलरी व्यापारी के साथ हुई लाखों की लूट का खुलासा करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूटे गए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मुख्य अभियुक्त को मुंबई जाकर दूध डेयरी का व्यवसाय शुरू करना था, उदयपुर में उस पर काफी कर्जा हो गया था। दूध डेयरी शुरू करने और कर्जा चुकाने के लिए उसने लूट की योजना बनाई।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि लूट के आरोपी बदमाश विजयपुरा गावं वल्लभनगर निवासी सुरेश उर्फ सुरी उर्फ सूर्या पुत्र उदयलाल डांगी, भल्लों का गुढ़ा कुराबड़ निवासी सुनील पुत्र पुष्करलाल डांगी, रोशन पुत्र रूपलाल गायरी और बड़गांव वल्लभनगर निवासी श्याम उर्फ शेरा गुर्जर पुत्र लच्छीराम गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए करीब 4.62 किलोग्राम चांदी और सोने के जेवर और नगदी बरामद कर ली गयी है। लूट में उपयोग ली गयी बाइक और स्कूटी भी जब्त की है। वारदात के खुलासे में हेडकांस्टेबल विक्रम सिंह, अखिलेश्वर कुमार, कांस्टेबल उपेन्द्र सिंह और राजुराम की मुख्य भूमिका रही है।
चाकू की नोंक पर की थी लूट
थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि लकड़वास निवासी रोशनलाल सोनी की ढ़ीकली में चारभुजा जी मंदिर के पास दैविक ज्वैलर्स नाम से दुकान है। 20 अप्रेल को रोशनलाल सोनी हर दिन की तरह शाम को दुकान बढ़ा कर सोने-चांदी के जेवर बैग में लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे वे सूखानाका पुलिया के पास पहुंचे ही थे कि बाइक पर आए दो बदमाशों ने रोशनलाल के आगे बाइक लगाकर रोका, स्कूटी पर दो बदमाश और आ गए। रोशनलाल के साथ मारपीट कर चाकू की नोंक पर बदमाश उनसे सोने-चांदी के जेवर से भरा बैग लूट कर फरार हो गए।
सूचना पर पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी करवायी। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज चेक कर की और इस प्रकार की वारदात करने वाले शहर व आस पास के आदतन अपराधियों को थाने लाकर पूछताछ शुरू की। हेडकांस्टेबल विक्रम सिंह, अखिलेश्वर कुमार, कांस्टेबल उपेन्द्र सिंह और राजुराम की टीम को मुखबीर की सूचना पर बदमाशों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। टीम चारों बदमाशों को धरदबोचा।
दूध डेयरी खोलनी थी, इसलिए की लूट
मुख्य आरोपी सुरेश डांगी वाहनों के सीजर का कार्य करता है और उस पर काफी कर्जा हो रखा था। वह मुम्बई में दुध की डेयरी लगाना चाहता था। इसलिए उसने बड़ी वारदात करने की योजना बनायी। उसे पता चला कि ढीकली गांव में रोशनलाल सोनी हर दिन दुकान से जेवर लेकर घर लौटते हैं। सुरेश ने रैकी कर रोशनलाल के आने-जाने के समय पर नजर रखी और क्षेत्र के सुनसान इलाके भी देख लिए, जहां वारदात की जा सके। इसके बाद उसने दोस्त सुनिल डांगी, रोशन गायरी व श्याम उर्फ शेरा गुर्जर को योजना में मिलाया और लाखों रूपए मिलने का लालच देकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

