नाम वापसी की समय सीमा पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को लेकर स्थिति साफ
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। लोकसभा चुनाव में उदयपुर सीट पर इस बार 8 प्रत्याशियों में चुनावी मुकाबला होगा। सोमवार को नाम वापसी की समय सीमा पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को लेकर स्थिति साफ हो गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि उदयपुर संसदीय क्षेत्र के लिए कुल 8 प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए थे। जांच में सभी नामांकन वैध पाए गए थे। सोमवार अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी की समय सीमा तय थी। तय समय सीमा तक किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया।
नाम वापसी की समय सीमा पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में रहे प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। कांग्रेस से ताराचंद मीणा, भाजपा से मन्नालाल रावत, बहुजन समाज पार्टी से दलपतराम गरासिया, भारत आदिवासी पार्टी से प्रकाशचंद्र, इंडियन पीपुल्स ग्रीन पार्टी से राजेंद्र कुमार, निर्दलीय कानजी डामोर, प्रभुलाल तथा डॉ. सविता कुमारी अहारी चुनाव मैदान में है।

