बड़ा सवाल: गौरव को विधायक का टिकट देने की पैरवी करने वालों को क्या हाईकमान तलब करेगा
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। पिछले विधानसभा चुनाव में उदयपुर सीट से विधायक का चुनाव हार चुके कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ गुरूवार को कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। राम मंदिर और सनातन प्रेम को आधार बनाते हुए गौरव वल्लभ ने गुरूवार सुबह कांग्रेस छोड़ने का एलान किया। इसको लेकर उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम एक पत्र भी लिखा। उन्होंने यह पत्र सोशल मीडिया पर भी डाला। कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद वे नई दिल्ली में भाजपा कार्यालय पहुंचे और भाजपा की सदस्यता ले ली।(gourav vallabh left congress to join bjp)
जिन्होंने की थी टिकट देने की मजबूत पैरवी अब वे किस मुंह से बोलेंगे
मेवाड़ के चंद बड़े कांग्रेसी नेताओं ने विधानसभा चुनाव में उदयपुर सीट से गौरव वल्लभ के लिए जयपुर से लेकर नई दिल्ली तक मजबूत पैरवी की, आज वे नेता क्या कुछ बोलने लायक बचे हैं, यह सवाल कांग्रेस का हर जमीनी कार्यकर्ता पूछ रहा है। आज उसी गौरव वल्लभ ने न केवल कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया, बल्कि कांग्रेस को दिशाहीन पार्टी तक बता डाला। ऐसे में सवाल तो यह भी उठता है कि क्या कांग्रेस आलाकमान मेवाड़ के उस नेता को दिल्ली तलब करने की हिम्मत दिखा पाएगा, जिसने गौरव को उदयपुर से टिकट देने की पैरवी की थी।
विधानसभा चुनाव के समय जब कांग्रेस ने गौरव वल्लभ को उदयपुर सीट से प्रत्याशी घोषित किया था, तब कांग्रेस के कई स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसका काफी विरोध किया था। कुछ नेताओं सहित कार्यकताओं ने स्थानीय कार्यकर्ता को टिकट देने की मांग की थी। तब कई स्थानीय कार्यकर्ताओं ने तर्क दिया था कि जिन लोगों ने बतौर कांग्रेस कार्यकर्ता बरसों से उदयपुर में रहकर उदयपुर के लिए काम किया है, उन्हें टिकट दी जाए, आज वही कांग्रेस कार्यकर्ता दबी जुबान कह रहे हैं कि उदयपुर से टिकट मिल जाए इस लालच में छह महीने पहले तक गौरव वल्लभ को कांग्रेस अच्छी लग रही थी और तब भाजपा की रीति-नीति उन्हें रास नहीं आ रही थी। विधानसभा चुनाव हार गए तो अब सनातन और राम मंदिर का बहाना बनाकर कांग्रेस छोड़ भाजपा में चले गए।
उदयपुर में हारे उससे पहले जमशेदपुर से हार चुके
गौरव वल्लभ उदयपुर में विधानसभा का चुनाव लड़े उसमें भाजपा प्रत्याशी ताराचंद जैन ने गौरव वल्लभ को बड़े अंतर से हराया। उससे पहले गौरव वल्लभ ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में जमशेदपुर से लोकसभा चुनाव लड़ा था उसमें भी हार का सामना करना पड़ा।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

