बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ क्षेत्र में करीब 3 करोड़ का जुर्माना लगाया
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान में अवैध खनन पर अंकुश लगाने खान विभाग की अगुवाई में संयुक्त जांच अभियान का असर नजर आने लगा है। action against illegal mining in rajasthan
इस बार के जांच अभियान की एक खास बात यह है कि गोपनीय सूचना के आधार पर खान सचिव आनंदी के निर्देश पर हो रही आकस्मिक जांच में भी अवैध खनन के बड़े खेल का खुलासा हो रहा है। ऐसे मामलों में खान सचिव द्वारा संबंधित जिले के अधिकारियों की बजाय दूसरे जिले से जांच दल भेजकर अवैध खनन करने वालो को दबाचने की रणनीति काफी सफल हो रही है।
खान सचिव आनन्दी ने बताया कि बांसवाड़ा के कुशलगढ़ के पास देवासाथ गांव के पास मेसेनरी स्टोन के अवैध खनन की जानकारी प्राप्त होने पर उदयपुर माइनिंग इंजीनियर पिंकराव सिंह को गोपनीय तरीके से बिना अग्रिम निर्देशों की प्रतीक्षा करते हुए भेजा गया और वहां पहुंचने पर अवैध खनन स्थल की जानकारी दी गई।
84500 टन मेसेनरी स्टोन का अवैध खनन
जांच टीम ने देवासाथ गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए 84500 टन मेसेनरी स्टोन का अवैध खनन आकलन किया और नियमानुसार 2 करोड़ 95 लाख 75 हजार की शास्ती लगाई गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्दश पर चल रहे जांच अभियान की निदेशक माइंस डॉ. प्रज्ञा केवलरमानी द्वारा भी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
भीलवाड़ा क्षेत्र में बिगोद के पास माण्डलगढ़ रीको एरिया में 50 टन मिक्स गारनेट और 4 सेपरेटर उपकरण जब्त करते हुए 1 लाख 22 हजार 100 रूपए की वसूली की गई। भीलवाड़ा में खनिज गारनेट डिलरों के स्टॉक की जांच कर पूर्वावतों का खेड़ा आकोला, में गारनेट डीलरों की फैक्ट्री में 500 टन खनिज गारनेट अनअकाउन्ट बैलेन्स पाए जाने पर खनिज जब्त कर लिया गया।
तय सीमा से अधिक गहराई में कर रहे खनन
हनुमानगढ़ जिले के खनिज जिप्सम क्षेत्रों के निरीक्षण में लाखेरा में लीजधारी द्वारा 3 मीटर से अधिक गहराई में खनन करने पर खान विभाग के साथ ही राजस्थान काश्तकारी अधिनियम के तहत भी कार्यवाही की जा रही है। परबतसर के बंध्या डूंगरी रुणिजा में लीजधारकों द्वारा स्वीकृत सीमा से बाहर 10135 टन खनिज अवैध खनन करने पर 32 लाख रूपए की शास्ती लगाई है।

