Site iconSite icon AR Live News

कल आएगा चुनाव परिणाम: विधानसभा चुनाव 2023

rajasthan election 2023 result vote counting will be held tomorrow on 3 december 2023rajasthan election 2023 result vote counting will be held tomorrow on 3 december 2023

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। क्षेत्र का नया विधायक कौन होगा, रविवार को विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के साथ ही स्थिति साफ हो जाएगी। उदयपुर जिला निवार्चन क्षेत्र की आठ सीटों की मतगणना 3 दिसम्बर को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के आर्टस् कॉलेज में होगी। इस बार के चुनाव में उदयपुर की आठ सीटों पर कुल 73 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे । जबकि जिले में कुल 74.14 प्रतिशत मतदान हुआ था।

जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद पोसवाल की देखरेख में रविवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी। इसमें सबसे पहले डाक मत पत्रों की गिनती होगी। आज शनिवार को मतगणना दलों को प्रशिक्षण प्रभारी जितेंद्र ओझा और सह प्रभारी डॉ.महामाया प्रसाद चौबीसा ने प्रशिक्षण दिया।

सुबह 7 बजे स्ट्रांग रूम खोलेंगे

3 दिसंबर को रिटर्निंग अधिकारी कोषाधिकारी से चाबी प्राप्त सुबह 7 बजे पर्यवेक्षक, प्रत्याशी व अभिकर्ताओं की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम खोलेंगे। इस दौरान संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। 8 बजे बाद प्राप्त डाक मत पत्रों को मतगणना में शामिल नहीं किया जाएगा। इसके लिए कार्मिकों को निर्देशित कर दिया गया है। मीडियाकर्मियों तथा चिन्हित कार्मिकों को मोबाइल ले जाने की अनुमति रहेगी। हालांकि मीडियाकर्मी गणना स्थल पर स्थापित मीडिया सेल तक ही मोबाइल ले जा सकेंगे।

सलूम्बर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के सर्वाधिक 25 राउण्ड होंगे

सलूम्बर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के सर्वाधिक 25 राउण्ड होंगे, वहीं उदयपुर शहर में सबसे कम 17 राउण्ड। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि उदयपुर शहर सीट का चुनाव परिणाम सबसे पहले आएगा। खेरवाड़ा में 23, गोगुन्दा- झाडोल व वल्लभनगर में 21-21, उदयपुर ग्रामीण व मावली में 19-19 राउण्ड में पूर्ण होगी। 8 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना के लिए दो-दो कक्ष निर्धारित किए गए हैं। झाडोल के लिए 14 टेबल लगेंगी। गोगुन्दा, खेरवाड़ा, उदयपुर ग्रामीण व वल्लभनगर के लिए 12-12, उदयपुर शहर के लिए 10 तथा सलूम्बर के लिए 9 टेबल लगेंगी।

मतगणना केंद्र पर यह रहेगी प्रवेश व्यवस्था

आर्टस् कॉलेज के गेट नंबर 1 से आब्जर्वर, जिला निर्वाचन अधिकारी , उप जिला निर्वाचन अधिकारी, प्रभारी अधिकारी एवं मतगणना में लगे गणना सुपरवाइजर, गणना सहायक, एमओ, आरओ, आरओ स्टाफ एवं अन्य व्यवस्थाओं में नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी प्रवेश कर सकेंगे। गोगुन्दा, उदयपुर शहर, मावली, झाडोल व उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी, उनके निर्वाचन अभिकर्ता एवं गणना अभिकर्ता गेट नंबर 2 से होते हुए मतगणना कक्ष में प्रवेश करेंगे। वल्लभनगर, खेरवाड़ा व सलूम्बर के प्रत्याशी एवं अभिकर्ता गेट नंबर 3 से प्रवेश कर सकेंगे। प्रवेश के लिए विशेष प्रवेश पत्र जारी किए गए है।

उदयपुर की आठ सीटों पर झाड़ोल में हुआ था सर्वाधिक मतदान

इस बार के विधानसभा चुनाव में उदयपुर जिला निर्वाचन क्षेत्र में कुल 74.14 प्रतिशत मतदान हुआ था। झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 79.29 प्रतिशत जबकि सबसे कम उदयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र में 66.67 प्रतिशत मतदान हुआ था। उल्लेखनीय है कि गोगुन्दा में 288, झाडोल में 290, खेरवाड़ा में 314, उदयपुर ग्रामीण में 265, उदयपुर शहर में 216, मावली में 264, वल्लभनगर में 281 तथा सलूम्बर में 296 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ था।

8 विधानसभा क्षेत्र में कुल 21 लाख 85 हजार 264 मतदाता थे, इनमें से 16 लाख 20 हजार 92 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 11 लाख 11 हजार 110 पुरूष मतदाताओं में से 8 लाख 22 हजार 556 तथा 10 लाख 74 हजार 130 महिला मतदाताओं में से 7 लाख 97 हजार 525 महिलाओं ने मतदान किया। वहीं 24 ट्रांसजेण्डर मतदाताओं में से 11 ने मतदान किया।था।

डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version