Site iconSite icon AR Live News

कान खोल कर सुन लो, मछली ही नहीं, जनता को लूटने वाले मगरमच्छों को भी नहीं छोड़ेंगे : पीएम मोदी

rajasthan election 2023 pm modi jansabha in udaipurrajasthan election 2023 pm modi jansabha in udaipur

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उदयपुर में हुई चुनावी जनसभा

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरूवार को उदयपुर के बलीचा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित किया (pm modi election rally in udaipur)। उन्होंने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के साथ ही राजस्थान सरकार पर खुलकर जुबानी हमला बोला। मोदी ने कन्हैयालाल हत्याकांड आतंकी घटना को कांग्रेस सरकार पर बहुत बड़ा दाग बताया।उन्होंने उदयपुर में एक दिन पहले हुई महिला की हत्या की वारदात, बोहरा समाज की दो बुजुर्ग बहनों की हत्या, विधायक राजेन्द्र विधूड़ी द्वारा एक किसान की पगड़ी को लात मारने, अधिकारियों के लॉकर से सोना निकलने सहित अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस सरकार को भ्रष्टाचारी बताया और उदयपुर सहित प्रदेश में कमल के निशान पर वोट देकर डबल इंजन सरकार लाने की अपील की।

राजस्थान में भ्रष्टाचार को लेकर पीएम मोदी ने कहा, सुना है कि यहां भ्रष्टाचार के मामले में छोटी मछलियों को ही पकड़ा जाता है। लेकिन अब सभी कान खोल कर सुन लो राजस्थान में सरकार बनाने के बाद भाजपा छोटी-बड़ी मछली ही नहीं, जनता को लूटने वाले बड़े-बड़े मगरमच्छों को भी नहीं छोड़ेगी। पीएम मोदी ने दीपावली पर ज्यादा से ज्यादा स्थानीय सामान खरीदने की अपील करते हुए उनके लोकल को वोकल का नारा भी दोहराया।

पीएम मोदी ने भी दी गारंटी

पीएम मोदी के पूरे भाषण में एक खासबात सामने आयी अब वे संबोधन में भाईयों और बहनों के बजाए परिवारजन कहते हैं और खुद को इस परिवार का बेटा बुलाते हैं। पीएम मोदी ने भाषण में आम नागरिकों की सुरक्षा, महिला सुरक्षा की बात की और केन्द्र सरकार की महिला, किसान, गरीब, आदिवासी सहित विभिन्न वर्ग के लिए चलने वाली योजनाओं का आंकड़ों के साथ जिक्र भी किया। मोदी ने कहा राजस्थान से गुंडा राज और अपराध पूरी तरह से खत्म करने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। भाजपा राजस्थान के हर बेटी, हर बहू को ये विश्वास दिलाती है कि उसे सम्मान से जीने और सुरक्षित माहौल में घर से निडर होकर निकलने का अवसर मिलेगा। ये मोदी की गारंटी है।

महंगे पेट्रोल-डीजल का भी जिक्र किया

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा मेवाड़ सौगन्ध के लिए मरना जानता हैं, कभी धोखा नहीं देता। लेकिन कांग्रेस सरकार पांच साल से जनता को धोखा ही दे रही है। कांग्रेस की हर योजना में एक धोखा जरूर होता है। मिडिल क्लास को राहत देने का वादा किया था लेकिन पेट्रोल डीजल पर रिकॉर्ड तोड़ टैक्स वसूल रही है। गरीबों को राशन देने का वादा किया, लेकिन यहां की सरकार बच्चों का राशन तक खा गयी। बिजली बिल में सबसिडी देने का वादा किया, लेकिन अब बकाया बिल के नाम पर दस गुना ज्यादा पैसे लिए जा रहे हैं।

युवाओं की नहीं, सिर्फ युवराज की चिंता है

पीएम मोदी ने पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए कहा राजस्थान में दर्जनभर से ज्यादा परीक्षाओं के पेपर लीक हुए। लाखों युवा मेहनत से परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार को युवाओं की चिंता नहीं है। वो तो एक ही युवराज के लिए मरे पड़े हैं। भाजपा की सरकार छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले माफिया पर कड़ी कार्यवाही करके रहेगी। पारदर्शी तरीके से परीक्षा लेने और युवाओं को अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

जनता से कहा, मेरा एक निजी काम करोगे क्या.?

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण को विराम लगाने से पहले जनसभा में आए लोगों को एक निजी काम भी बता दिया। पीएम मोदी ने कहा चुनाव की राजनीतिक बातें तो हो गयीं, मेरा एक निजी काम है, क्या आप करोगे.? मोदी ने लोगों से कहा यहां से जाने के बाद आप घर-घर जाकर हर घर के सभी लोगों को प्रणाम करके कहना हमारे मोदी जी उदयपुर आए थे और उन्होंने आपको प्रणाम भेजा है। इतना मेरा काम कर दोगे क्या.? आप मेरा प्रणाम पहुंचाओगे तो वो मन से आशीर्वाद देंगे।

खबरों के लिए एआर लाइव न्यूज के फेसबुक पेज https://www.facebook.com/arlivenews को लाइक एंड फोलो करें

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version