Site iconSite icon AR Live News

रॉकवुड स्कूल हॉस्टल में छात्र के साथ मारपीट-रैंगिंग: सीनियर छात्र सहित स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

rockwoods high school udaipur ragging case FIR Lodged in sukher police station udaipurrockwoods high school udaipur ragging case FIR Lodged in sukher police station udaipur

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर में सुखेर थाना क्षेत्र के चित्रकूट नगर स्थित रॉकवुड हाईस्कूल ((rockwoods high school udaipur) में जूनियर छात्रों के साथ सीनियर छात्र द्वारा रैगिंग कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र और परिजन ने बार-बार स्कूल प्रबंधन को इस बारे में बताया, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गयी।

स्कूल का रसूक ऐसा कि परिजनों ने जब थाने में रिपोर्ट दी, तो न तो कोई कार्यवाही की गयी और न ही एफआईआर दर्ज हुई। मजबूरन पीड़ित छात्र के पिता ने स्कूल से बच्चे की टीसी कटवायी और फिर बाल आयोग में शिकायत की। राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के आदेश पर सुखेर थाने में 31 अक्टूबर को रॉकवुड स्कूल के एक छात्र सहित डायरेक्टर दीपक शर्मा, वाइस प्रिंसीपल रेणु मैडम, वार्डन अश्विनी सिंह राठौड़ के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।

सीनियर छात्र छीन लेते हैं सामान, करते हैं मारपीट

जालोर के भीनमाल निवासी पीड़ित छात्र के पिता चन्द्रप्रकाश सोनी ने एफआईआर में बताया कि उन्होंने 5 जुलाई को अपने पुत्र का उदयपुर के आवासीय स्कूल चित्रकूट नगर स्थित रॉकवुड हाईस्कूल के 11वीं कक्षा में एडमीशन करवाया था। एडमीशन के बाद उनका पुत्र स्कूल के हॉस्टल में ही रहने लगा। 16 जुलाई को चन्द्रप्रकाश बेटे के मिलने उदयपुर आए। यहां स्कूल की छुट्टियां हो गयी थीं, इस पर वे बेटे से मिले तो उसने बताया कि सीनियर छात्र उसके और अन्य जूनियर छात्रों के साथ मारपीट करते हैं और रैगिंग लेते हैं। ऐसा उसके साथ कई बार हो चुका है। हमने स्कूल प्रशासन को कहा, तो वो भी कुछ नहीं करते हैं।

छुट्टियों के बाद 30 जुलाई को परिवादी का बेटा वापस जब स्कूल गया तो उसके साथ सीनियर छात्र ने मारपीट की और सामान छीन लिया। बेटे ने स्कूल की वाइस प्रिंसीपल रेणु मैडम से शिकायत की तो उन्होंने भी कुछ कार्यवाही नहीं की। परिवादी चन्द्रप्रकाश ने बताया कि 18 अगस्त को उन्होंने खुद वार्डन और रेणु मैडम को शिकायत की, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हुई। चन्द्रप्रकाश ने बताया 9 सितंबर को उनके पास बेटे का रोते हुए फोन आया और उसने कहा कि मेरे साथ यहां बार-बार सीनियर छात्र मारपीट कर रहा है, मेरी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

मजबूरन स्कूल से टीसी कटवाकर थाने में दी रिपोर्ट

चन्द्रप्रकाश ने बताया कि बेटे के फोन पर वे 11 सितंबर को स्कूल गए और प्रबंधन से बात की। उनके सामने प्रबंधन ने स्कूल के अन्य जूनियर छात्रों के बुलाया तो ज्यादातर ने सीनियर छात्र द्वारा जूनियर के साथ दुर्व्यवहार करने, चन्द्रप्रकाश के पुत्र के साथ मारपीट करने और रैगिंग करने का खुलासा किया। बेटे के साथ बार-बार मारपीट होने और स्कूल प्रबंधन द्वारा सीनियर छात्र के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लेने पर परिवादी ने उनके पुत्र की स्कूल से टीसी कटवाई और अन्य स्कूल में भर्ती करवाने के बाद 20 सितंबर को सुखेर थाने में सीनियर छात्र सहित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दी। लेकिन सुखेर थाना पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज नहीं की।

दोनों पक्ष के बच्चे नाबालिग हैं, इसलिए सितंबर में एफआईआर दर्ज नहीं की थी : थानाधिकारी

कहीं सुनवाई नहीं होने पर परिवादी ने राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में शिकायत की। 3 अक्टूबर को बाल आयोग ने पुलिस अधीक्षक के नाम पत्र जारी कर मामले में निष्पक्ष अनुसंधान कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए और तथ्यात्मक रिपोर्ट 5 दिनों के अंदर आयोग को भेजने के लिए कहा। 3 अक्टूबर को बाल आयोग के निर्देश पत्र जारी होने के बाद सुखेर थाना पुलिस ने 31 अक्टूबर को मामले में एफआईआर दर्ज की है।

थानाधिकारी योगेन्द्र व्यास ने बताया कि स्कूल हॉस्टल में छात्रों के बीच लड़ाई-झगड़ा, मारपीट हुई थी। इस संबंध में एक छात्र के पिता ने सितंबर में थाने में शिकायत दी थी, दोनों ही पक्ष नाबालिग थे, इसलिए तब एफआईआर दर्ज नहीं की थी। स्कूल ने उस बच्चे को निष्कासित कर दिया है। छात्र के पिता ने स्कूल प्रबंधन पर भी आरोप लगाया है कि उन्होंने शिकायत के बाजवूद उपयुक्त कार्यवाही नहीं की। ऐसे में पीड़ित छात्र के पिता की रिपोर्ट पर एक छात्र सहित स्कूल निदेशक और स्टाफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अनुसंधान में जिसकी गलती होगी, उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन की ओर से नहीं मिला कोई अधिकृत जवाब

मामले को लेकर स्कूल चैयरपर्सन अल्का शर्मा से बात करनी चाही तो मोबाइल स्विच ऑफ होने से संपर्क नहीं हुआ, अनिल शर्मा (अल्का शर्मा के पति) से फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि परिवार अहमदाबाद है। एआर लाइव न्यूज ने जब उनसे स्कूल के किसी भी अधिकृत व्यक्ति की ओर से पक्ष देने को कहा, तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

एआर लाइव न्यूज के यू-ट्यूब चैनल https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured को लाइक एंड सब्सक्राइब करें

Exit mobile version