Site iconSite icon AR Live News

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा पर ईडी का छापा

ed raid on govind singh dotasra congress leader and summoned vaibhav gehlot In FEMAed raid on govind singh dotasra congress leader and summoned vaibhav gehlot In FEMA

जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पेपर लीक मामले में गुरूवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आवास सहित महवा विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी ओम प्रकाश हुड़ला के ठिकानों पर छापा मारा है। ईडी की टीमें सुबह-सुबह डोटासरा के सीकर और जयपुर स्थिति घर पहुंच गयी। ईडी की टीमें प्रदेश में करीब 12 ठिकानों पर कार्यवाही कर रही हैं। वहीं ईडी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को भी हाजिर होने के लिए समन भेजा है।

इस संबंध में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा है कि 25 अक्टूबर को राजस्थान की महिलाओं के लिए कांग्रेस की गारंटी लॉन्च हुई और 26 अक्टूबर को ईडी ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के यहां रेड की, मेरे बेटे वैभव गहलोत को समन भेजा है। अब आप समझ सकते हैं, जो मैं कहता आ रहा हूं कि राजस्थान के अंदर ईडी की रेड रोज इसलिए होती है, क्यों कि भाजपा ये नहीं चाहती कि राजस्थान में महिलाओं को, किसानों को, गरीबों को कांग्रेस द्वारा दी जा रही गारंटियों का लाभ मिल सके। वहीं ईडी की कार्यवाही पर गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया एक्स (ट्विटर) पर सत्यमेव जयते लिखा है।

डोटासरा के रिश्तेदारों के घर भी पहुंची ईडी की टीमें

जानकारी के अनुसार डोटासरा के जयपुर में तीन और सीकर में दो ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई जारी है, ईडी की टीम गोविंद सिंह डोटासरा सहित उनके रिश्तेदारों के घर भी पहुंची है। दिल्ली और जयपुर की ईडी की टीम के साथ-साथ मौके पर सीआरपीएफ के अधिकारी भी मौजूद रहे। पिछले दिनों इस मामले में ईडी की टीमों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी माने जाने वाले और उदयपुर शहर सीट से दावेदारी कर रहे दिनेश खोडनिया सहित अन्य पर छापा मारा था। रीट पेपर लीक मामले में आरपीएससी मेंबर बाबूलाल कटारा की गिरफ्तारी हो चुकी है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version