तीन दिवसीय इंट्रा जोनल खान बचावप्रतियोगिता
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। खान सुरक्षा महानिदेशालय, उत्तर-पश्चिम क्षेत्र और हिंदुस्तान जिंक के संयुक्त तत्वावधान में हुई 3 दिवसीय इंट्रा जोनल माइन रेस्क्यू प्रतियोगिता में देश की पहली महिला रेस्क्यू टीम ने सर्वश्रेष्ठ उपविजेता का खिताब अपने नाम किया है। यह महिला रेस्क्यू टीम हिंदुस्तान जिंक की है। (hindustan zinc first lady rescue team)
खान सुरक्षा उप महानिदेशक आरटी मांडेकर ने कहा कि आज का दिन भारतीय माइनिंग इतिहास के स्वर्ण पन्नों में लिखा जाएगा, जहां महिला रेस्क्यू टीम ने खान एवं बचाव प्रतियोगिता में भाग लेकर इतिहास रचा दिया। इस टीम में एक भी पुरूष नहीं है, सभी बचावकर्मी महिलाएं हैं। मांडेकर ने देश की पहली और इतनी मजबूत महिला रेस्क्यू टीम को तैयार करने के लिए हिन्दुस्तान जिंक की सराहना की। हिन्दुस्तान जिंक ने स्वयं रेस्क्यू प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए और महिला रेस्क्यू टीम बनाकर महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दिया है।
तीनों दिनों में बचाव दल को प्रतियोगिता की कई परीक्षाओं से गुजरना पड़ा
हिन्दुस्तान जिंक के उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्ण मोहन नारायण ने बताया कि रामपुरा आगुचा भूमिगत खान के रेस्क्यू रूम आरआरआरटी में आयोजित हुई तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान एयर बेस चैलेंज, रेस्क्यू एवं रिकवरी, थ्योरी एवं फर्स्ट एड की विभिन्न प्रतियोगिताएं हुई। जिसमें हिन्दुस्तान जिंक की रामपुरा आगुचा माइन, कायड माइन, जावर माइन, राजपुरा दरीबा की एसके एवं आरडी माइन की टीम, हिन्दुस्तान कॉपर एवं देश की पहली महिला रेस्क्यू टीम ने भाग लिया।
समापन समारोह में टॉम मैथ्यू डीएमएस उत्तर पश्चिम क्षेत्र और प्रतियोगिता के मुख्य जज, विशिष्ट अतिथि बी दयासागर निदेशक खान सुरक्षा उदयपुर क्षेत्र, सुरजीत कटेवा डीएमएस अजमेर क्षेत्र प्रथम, डॉ आई सत्यनारायण डीएमएस अजमेर क्षेत्र द्वितीय, रामपुरा आगुचा माइंस के एसबीयू डायरेक्टर किशोर एस, जावर माइंस के एसबीयू हेड राममुरारी सहित हिन्दुस्तान जिंक के अधिकारी एवं डीजीएमएस के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

