उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। सिंधी समाज की ओर से मंगलवार को साधु वासवानी मिशन, पुणे की दीदी कृष्णा कुमारी का सत्संग कार्यक्रम व भजन संध्या होगी। शाम 7 बजे से 9 बजे तक उदयपुर शहर के जवाहर नगर स्थित सिंधु महल में दीदी कृष्णा कुमारी के प्रवचन होंगे, कार्यक्रम में गायिका काजल चंदीरमानी के भजन प्रस्तुति होंगी।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए दीदी कृष्णा कुमारी ने बताया कि साधु वासवानी मिशन तीन मुख्य बिंदुओं पर बात करता है। पहला सत्संग, मतलब समाज को बेहतर बनाने की शुरूआत खुद से होनी चाहिए। दूसरा हर एक जीव में ईश्वर का निवास है, तो हम पृथ्वी को सकारात्मकता के साथ ज्यादा बेहतर और खूबसूरत बना सकते हैं। तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण बिंदू है बच्चे हैं, क्यों कि बच्चे ही हमारी उम्मीद है। ऐसे में साधु वासवानी मिशन का हमेशा प्रयास रहता है कि हम बच्चों को सही संस्कार दें, इसके लिए हम बच्चों को प्रशिक्षण भी देते हैं, ताकि उनमें सादगी, सेवा, पवित्रता और प्रार्थना के बीज डाले जा सकें और वे एक बेहतर सेवक बनें।
राजस्थान सिंधी अकादमी के पूर्व अध्यक्ष हरीश राजानी ने बताया कि पिछले काफी वर्षों से पूरा सिंधी समाज 25 नवंबर को अंहिसा का पालन करता है और किसी प्रकार से मांसयुक्त खाद्यपदार्थों का सेवन नहीं करता है। दीदी कृष्णा कुमारी यही संदेश देने आयी हैं कि सिर्फ सिंधी समाज ही नहीं, पूरा उदयपुर और प्रदेश नॉनवेज का त्याग कर दे।

