पांच राज्यों में होने है विधानसभा चुनाव: छत्तीसगढ़ में दो चरणों में मतदान
नई दिल्ली,(एआर लाइव न्यूज)। चुनाव आयोग ने सोमवार दोपहर राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना (assembly election 2023) में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। इसके साथ इन पांचों राज्यों में आचार संहिता प्रभावी हो गई है। मौजूदा समय में राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकारें हैं, जबकि मध्य प्रदेश में भाजपा, मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट और तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (पूराना नाम तेलंगाना राष्ट्र समिति) की सरकार है।
विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में एक चरण में चुनाव होंगे जबकि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। चुनाव आयुक्त ने बताया कि मिजोरम में 7 नवंबर, छत्तीसगढ़ 7 नवंबर और 17 नवंबर, मध्यप्रदेश 17 नवंबर,राजस्थान 23 नवंबर जबकि तेलंगाना में 30 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणाम सभी का एक साथ 3 दिसंबर को आएगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि कुल 16.14 करोड़ मतदाता इन चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें 8.2 करोड़ पुरुष मतदाताए 7.8 करोड़ महिला मतदाता होंगे। इस बार 60.2 लाख नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे।पांचों राज्यों में कुल 679 विधानसभा सीटें हैं। इसमें मध्य प्रदेश की 230, राजस्थान की 200, तेलंगाना की 119, छत्तीसगढ़ की 90 और मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे।
पांचों राज्यों में आचार संहिता लागू
चुनाव की तारीखें घोषित होने के साथ ही इन पांचों राज्यों में आचार संहिता भी लागू हो गई है। मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल 17 दिसंबर जबकि राजस्थान विधानसभा का कार्यकाल 14 जनवरी, मध्य प्रदेश 6 जनवरी, तेलंगाना 16 जनवरी और छत्तीसगढ़ विधानसभा का कार्यकाल 3 जनवरी को समाप्त हो रहा है।
कब-कहां वोटिंग
राज्य : मतदान की तारीख
- मिजोरम : 7 नवंबर
- छत्तीसगढ़ : 7 नवंबर 17 नवंबर
- मध्यप्रदेश : 17 नवंबर
- राजस्थान : 23 नवंबर
- तेलंगाना : 30 नवंबर
- नतीजे : 3 दिसंबर
किस राज्य में कितने मतदान केंद्र
राज्य : मतदान केंद्र
- राजस्थान : 51756
- मध्यप्रदेश : 64523
- तेलंगाना : 35356
- छत्तीसगढ़ : 24109
- मिजोरम : 1276
राजस्थान में सबसे ज्यादा मतदाता
राज्य : कुल मतदाता
- राजस्थान : 5.25 करोड़
- मध्यप्रदेश: 5.6 करोड़
- तेलंगाना: 3.17 करोड़
- छत्तीसगढ़; 2.03 करोड़
- मिजोरम: 8.52 लाख
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

