- नारायण सेवा संस्थान, राजस्थान रॉयल्स एवं डीसीसीआई के साझे में हुई चैंपियनशिप
- 3rd national physical disability t20 cricket championship 2023
- जम्मू लगातार दूसरी बार बनी चैंपियन, विजेता को 5 लाख का पुरस्कार
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में चल रही 3rd नेशनल फिजिकल डिसेबिलिटी टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप का फाइनल मैच रविवार को फील्ड क्लब में जम्मू और मुंबई टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में रिकॉर्ड के साथ जीत दर्ज कर जम्मू टीम ने चैंपियनशिप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। जम्मू टीम ने यह चैंपियनशिप दूसरी बार जीती है, वहीं पहली बार चैंपियनशिप में आयी मुंबई टीम के लिए जम्मू की टीम को चुनौती देना कितना मुश्किल और दर्शकों के लिए रोमांचक रहा। (3rd national physical disability t20 cricket championship 2023)
नारायण सेवा संस्थान, राजस्थान रॉयल्स और डीसीसीआई के संयुक्त तत्वावधान में हुई इस चैंपियनशिप में विजेता टीम को 5 लाख रूपए, उपविजेता को 3 लाख रूपए और सेमीफाइनल में खेलने वाली दो टीमों विदर्भ और महाराष्ट्र टीम को 1-1 लाख रूपए कैश प्राइज दिया गया। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि डीआईजी (सीआईडी) अजय सिंह राठौड़ और संस्थान संस्थापक कैलाश मानव ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। चैंपियनशिप में मैन ऑफ द सीरीज जम्मू कश्मीर के वसीम इकबाल रहे, जिन्हें स्कूटी प्रदान की।
11 दिनों में खेले गए 67 मैच, निखर के सामने आए बेस्ट खिलाड़ी
डीसीसीआई के सचिव रविकांत चौहान ने बताया कि 11 दिनों तक चली इस चैंपियनशिप में देश की 24 टीम ने 67 मैच खेले। चैंपिनयशिप में कोई टीम जीती तो कोई टीम हारी, लेकिन इन सबके बीच खिलाड़ियों की व्यक्तिगत प्रतिभा भी उभर के सामने आयी है। बेस्ट बॉलर, बेट्समैन, विकेट कीपर, फील्डर सहित बेस्ट खिलाड़ी हमारे सामने हैं। चैंपियनशिप के बेस्ट बॉलर मुंबई के रविंद्र संते, बेस्ट फील्डर मुंबई के आकाश पाटिल, बेस्ट बैट्समैन मुंबई के रोहन, बेस्ट विकेट कीपर विदर्भ के लोकेश रहे। चैंपियनशिप के हर मैच में मैन ऑफ द मैच को 11 हजार रूपए का कैश पुरस्कार स्वयं संस्थान की ओर से दिया गया।
समापन समारोह में मंच पर संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल, सहसंस्थापिका कमला देवी, निदेशक वंदना व पलक अग्रवाल ने अतिथियों का माल्यार्पण, पगड़ी, उपरना व प्रतीक चिन्ह से अभिनंदन किया। विशिष्ट अतिथि राजस्थान रॉयल्स के बिजनेस ऑफिसर आलोक चित्रे, स्वयं संस्थान दिल्ली के प्रोग्राम मैनेजर भूपेंद्र सिंह, डीसीसीआई के संयुक्त सचिव अभय प्रताप सिंह राठौड़, राजस्थान क्रियाविंग कमेटी एसोसिएशन अध्यक्ष पीयूष कच्छावा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
जम्मू की टीम ने बल्लेबाजी कर चैंपियन बनने के लिए खड़ा किया बड़ा स्कोर
संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि चैंपियनशिप के फाइनल मैच का मुकाबला काफी रोचक रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में जम्मू टीम ने 162 रन बनाए और मुंबई टीम को चैंपियन बनने के लिए 163 रन बनाने थे, लेकिन वह 20 ओवर में 132 पर ही सिमट गयी। जम्मू टीम ने अनुशासनात्मक बॉलिंग, बैटिंग और फील्डिंग कर मुंबई टीम को 35 रन से हराकर चैंपियनशिप लगातार दूसरी बार अपने नाम कर ली। जम्मू के मैन ऑफ द मैच माजिद ने शानदार पारी खेलते हुए 21 बॉल में 37 रन बनाने और साथ ही 4 ओवर में 25 रन खर्च कर 2 विकेट टीम की झोली में डाले।
जम्मू की टीम के खिलाड़ियों ने बताया कि वे अपने कॅरियर और रोजगार पर ध्यान देने के साथ ही हर दिन क्रिकेट खेलकर प्रेक्टिस करते हैं, यही कारण है कि जब वे मैदान में उतरते हैं तो दिव्यांगता की हर बाधा को पीछे छोड़कर चैंपियनशिप की ओर बढ़ते हैं। हर दिन या हर सप्ताह क्रिकेट प्रेक्टिस करने के लिए कई बार आसपास के लोग मजाक भी बनाते है, लेकिन उनकी बात अनसुना कर हम हमारे खेल पर फोकस कर खेलते हैं।
यह भी पढ़ें : वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर सम्पन्न हुई थी नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप 2022

