- बांसवाड़ा के भूखिया जगपुरा माइंस की होगी नीलामी
- हाईकोर्ट में विचाराधीन प्रकरण का हुआ निस्तारण
- 134178 करोड़ के स्वर्ण भण्डार और 7720 करोड़ के तांबे के भंडार संभावित
जयपुर,( एआर लाइव न्यूज)। हाईकोर्ट में विचाराधीन प्रकरण का निस्तारण होने के साथ ही खान विभाग ने बांसवाड़ा के भूखिया जगपुरा माइंस नीलामी की तैयारियां शुरू कर दी है। खान मंत्री प्रमोद जैन भाया ने बताया कि बांसवाड़ा के भूखिया जगपुरा क्षेत्र में स्वर्ण के विपुल भंडार मिले थे, लेकिन इस माइंस की नीलामी का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने से राज्य सरकार आगे की प्रक्रिया शुरू नहीं कर पा रही थी। अब प्रकरण का निस्तारण होने के साथ ही आगे की तैयारियां आरंभ कर दी है। gold mines auction in banswara
अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस वीनू गुप्ता ने बताया कि हाईकोर्ट से मामले का निस्तारण होने से जल्द ही राज्य की पहली स्वर्ण खान की नीलामी हो सकेगी। बांसवाड़ा के भूखिया जगपुरा में सोने की खान की नीलामी के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही है। एक मोटे अनुमान के अनुसार स्वर्ण, तांबा और कोबाल्ट व निकल के डिपोजिट है। यहां 134178 करोड़ रूपए के स्वर्ण भण्डार और 7720 करोड़ के तांबे के भंडार संभावित है।
15 ब्लॉकों में 171 बोर होल्स में ड्रिलिंग करने पर स्वर्ण भण्डार पाये गये
निदेशक माइंस संदेश नायक ने बताया कि बांसवाड़ा के घाटोल तहसील के भूखिया जगपुरा में भारतीय भू वैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग द्वारा 1990-91 में किए गए एक्सप्लोरेशन के दौरान स्वर्ण के संकेत मिलने पर 69.658 वर्ग किलोमीटर के तीन ब्लॉक एक्सप्लोरेशन के लिए आरक्षित किए गए थे। इस क्षेत्र में एक्सप्लोरेशन के दौरान 15 ब्लॉकों में 171 बोर होल्स में 46037.17 मीटर ड्रिलिंग करने पर स्वर्ण भण्डार पाये गये। क्षेत्र में 223.63 टन स्वर्ण धातु मिलने की संभावना हैं।
बांसवाड़ा के भूखिया जगपुरा में एक्सप्लोरेशन परिणामों के अनुसार 14 ब्लॉकों में 1.945 ग्राम / टन के लगभग 114.76 मिलियन टन सोने के भण्डार का आकलन किया गया है। एक मोटे अनुमान के अनुसार इस क्षेत्र में 223.63 टन स्वर्ण धातु मिलने की संभावना हैं। यहां पर स्वर्ण धातु के साथ ही 0.15 प्रतिशत मय ताम्र धातु का लगभग 154401 टन डिपोजिट का आकलन किया गया है। इस क्षेत्र में स्वर्ण और ताम्र भण्डारों के साथ ही कोबाल्ट धातु के भी संकेत मिले हैं। यहां 13739 टन कोबाल्ट के साथ ही 11146 टन निकल धातु के डिपोजिट का संभावित आंकलन किया गया है।
यह भी पढ़ें : राजस्थान के इन जिलों में मिले हैं सोने के भंडार
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

