Site iconSite icon AR Live News

ईको सेंसिटिव जोन v/s परिणीति-राघव की शाही शादी : नेताओं के प्रोटोकॉल में लगी पुलिस क्या शादी में कार्यवाही कर पाएगी.?

eco sensitive zone vs parineeti chopra raghav chadha wedding in udaipureco sensitive zone vs parineeti chopra raghav chadha wedding in udaipur

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की सख्ती के बाद ईको सेंसिटिव जोन को लेकर उदयपुर में माहौल तो खूब बनाया जा रहा है, लेकिन नियमों के उल्लंघन पर कार्यवाही होती ज्यादा नहीं दिख रही है। जहां कलेक्टर के आदेश पर यूआईटी, रेवेन्यू और वन विभाग के अधिकारियों की टीम ईको सेंसिटिव जोन में दौरा कर रही है, तो वहीं पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने भी सज्जनगढ़ और झीलों के आस-पास ईको सेंसिटिव जोन में आने वाले 30 नामी होटल-रिसोर्ट को को नोटिस जारी कर शादी समारोह सहित अन्य कार्यक्रमों में डीजे, ढोल-नगाड़े सहित आतिशबाजी करने पर रोक लगा दी है।

लेकिन खासबात है कि पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड नोटिस तो जारी कर सकता है, लेकिन नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने के लिए अधिकृत नहीं है। कार्रवाई पुलिस विभाग को ही करनी होगी। आने वाले दो दिन परिणीति चौपड़ा और राघव चढ्ढा की शाही शादी के सभी कार्यक्रम इन्हीं होटल-रिसोर्ट में होंगे, जिनको प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने नोटिस जारी किए हैं।

परिणीति चौपड़ा और राघव चढ्ढा की शादी में दो राज्यों के सीएम के आने की उम्मीद

तो अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जिस शादी में पुलिस सुरक्षा प्रोटोकॉल के चलते ड्यूटी दे रही होगी, वहीं पर ईको सेंसिटिव जोन के नियमों का उल्लंघन होने पर कार्रवाई कर पाएगी..? या फिर यह शाही शादी बिना किसी डीजे, लेजर लाइट, ढोल-नगाड़े, आतिशबाजी के होगी..? क्यों कि इस शाही शादी में फिल्मी हस्तियों के साथ ही आम आदमी पार्टी के नेता राघव चढ्ढा के राज्यसभा सांसद होने से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान के शामिल होने की उम्मीद है, साथ ही 24 सितंबर को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी उदयपुर आ रहे हैं।

इन होटलों को जारी किए गए नोटिस

प्रदूषण नियंत्रण मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार आमंत्रा, शिल्पी विलेज रिसॉर्ट, शौर्यगढ़ रिसॉर्ट, मानसून पैलेस रिसॉर्ट, लीला वेंचर, उदयविलास, ट्राइडेंट, शिव निवास, ताज लेक पैलेस, जग मंदिर, फतहप्रकाश, ताज अरावली रिसॉर्ट, अनंता रिसॉर्ट, होटल रामप्रताप, फतेहगढ़, द रॉयल रीट्रीट, रॉकवुड, ऑरिका लेमन ट्री, द ललित लक्ष्मी विलास पैलेस, शिल्प ग्रामोद्योग, वर्डिया होटल, मेवाड़गढ़ पैलेस, होटल लेकेंड, हिलटॉप पैलेस, इंद्र प्रकाश, पन्ना विलास पैलेस, राजदर्शन, आमेट हवेली, स्वरूप विलास व एवरेस्ट इंटरनेशनल होटलों को नोटिस जारी हुआ है।

कार्यवाही पुलिस को ही करनी होगी : क्षेत्रीय अधिकारी शरद सक्सेना

प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी शरद सक्सेना ने बताया कि ईको सेंसिटिव जोन में आने वाले होटल-रिसोर्ट को नोटिस जारी कर आतिशबाजी, डीजे, ढोल-नगाड़े और लेजर लाइट पर रोक के निर्देश दिए हैं। नॉइस पॉल्यूशन रेगुलेशन एंड कंट्रोल रूल्स की धारा 4 के तहत कार्यवाही करने का अधिकारी पुलिस को है। ऐसे में नियमों के उल्लंघन पर अब पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर बता सकते हैं, कार्यवाही पुलिस को ही करनी होगी।

Exit mobile version