Site iconSite icon AR Live News

देरी से विदा होगा मानसूनः 22 सितंबर से बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना

udaipur weatherudaipur weather

उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मौसम विभाग ने मंगलवार को मानसून को लेकर नया अपडेट जारी किया है (monsoon departure delayed)। इस पूर्वानुमान के अनुसार दो-तीन दिन के अंतराल के बाद मेवाड़ सहित राजस्थान के कई भागों में फिर से बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के ऊपर बना परिसंचरण तंत्र आज दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर स्थित है। एक और नया परिसंचरण तंत्र बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है।

उत्तर-पश्चिमी भारत से दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून आमतौर पर 17 सितंबर से विदा लेना शुरु करता है। पिछले साल 20 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों से और उससे लगे कच्छ क्षेत्र से मानसून की विदाई शुरू हुई थी और मेवाड़ से 3 अक्टूबर को मानसून विदा हुआ था। लेकिन इस वर्ष मानसून के देरी से विदा होने की प्रबल संभावना है।

उदयपुर सहित मेवाड़ में कई जगह बीती रात और मंगलवार सुबह से रूक रूक कर हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रहा। बीते 24 घंटों में उदयपुर शहर में एक इंच बारिश हुई जबकि जिले मेें सबसे अधिक केजड़ और ऋषभदेव में 64-64 मिलीमीटर बारिश हुई। राजस्थान में सर्वाधिक 76 मिमी बारिश बाड़मेर के सिंधरी में हुई।

सितंबर के आखिरी सप्ताह में भी पूर्वी राजस्थान में बारिश की संभावना

पूर्वी राजस्थान के ज्यादातर भागों में आगामी दो-तीन दिन बारिश की गतिविधियों में कमी होगी। 22 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की गतिविधियां पुनः शुरू होने की संभावना है। पूर्वानुमान अनुसार सितंबर के आखिरी सप्ताह में पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में हल्के से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहने तथा राज्य से मानसून की विदाई देरी से होने की प्रबल संभावना है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version