एआर लाइव न्यूज। केरल में एक बार फिर निपाह वायरस की एंट्री हो गयी है (nipah virus in kerala)। केरल के कोझिकोड में निपाह वायरस से हुए संक्रमण से दो लोगों की मौत हो गयी है, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन से लेकर सरकार तक हड़कंप मचा हुआ है। सरकार ने कोझिकोड, कन्नूर, वायनाड और मलप्पुरम जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है, साथ ही जिन ग्राम पंचायतों से निपाह वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है, उनमें कंटेनमेंट जोन बना दिए गए हैं, जहां मास्क पहनने सहित अन्य गाइडलाइन की पालना को अनिवार्य कर दिया गया है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोशल मीडिया के जरिए कोझिकोड में निपाह वायरस के संक्रमण की पुष्टि और इससे दो लोगों की मौत होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि निपाह वायरस के संक्रमण से दो लोगों की मौत हो गई, जिन चार लोगों की नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए थे, उनमें से दो में निपाह संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि दो की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि कि घबराने की जरूरत नहीं है, सभी को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के निर्देशों का सख्ती से पालन करना चाहिए।
शुरूआती लक्षण बुखार और सिरदर्द
विशेषज्ञों के अनुसार निपाह वायरस चमगादड़ की लार से फैलता है। इंसानों में ये संक्रमण चमगादड़ का खाया फल खाने से फैलता है और बाद में यह संक्रमण इंसान से इंसान में फैलता है। निपाह वायरस के लक्षण दो से तीन दिन में दिखने लगते हैं। इसके शुरुआती लक्षणों में बुखार और सिरदर्द शामिल है।
2018, 2019 और 2021 में भी निपाह वायरस के केस आए थे
जानकारी के अनुसार केरल के कोझिकोड और मलप्पुरम जिले में 2018 में निपाह वायरस से 17 लोगों की मौत हुई थी। 2019 में कोच्चि और 2021 में कोझिकोड में निपाह वायरस का एक केस मिला था।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

