Site iconSite icon AR Live News

कैलाश मेघवाल भाजपा से निलंबित, बोले- वसुंधरा राजे खेमे को खत्म करने की साजिश हो रही है

bjp suspended senior leader kailash meghwalbjp suspended senior leader kailash meghwal

भाजपा ने वरिष्ठ नेता कैलाश मेघवाल ने कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल पर लगाए थे भ्रष्टाचार के आरोप

जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा के पूर्व स्पीकर कैलाश मेघवाल को पार्टी से निलंबित कर दिया है(bjp suspended MLA kailash meghwal)। कैलाश मेघवाल अभी भीलवाड़ा के शाहपुरा से विधायक भी हैं। पिछले दिनों कैलाश मेघवाल ने एक सभा में देश के केन्द्रीय कानून मंत्री अुर्जन मेधवाल के खिलाफ बयान देकर उनके भ्रष्ट होने का आरोप लगाया था।

बीजेपी की प्रदेश अनुशासन समिति के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने बताया कि विधायक कैलाश मेघवाल को अनुशासन हीनता के आरोप में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया गया है। आगे की कार्यवाही के लिए इस मामले को बीजेपी की प्रदेश अनुशासन समिति को सौंपा गया है।

कैलाश मेघवाल पत्रकारों से बोले पीएम मोदी को चिट्ठी भेजी है

पार्टी से निलंबित होने की जानकारी मिलने के बाद कैलाश मेघवाल ने प्रेसकॉन्फ्रेंस की और पार्टी द्वारा दिए गए नोटिस के जवाब को सार्वजनिक किया। मेघवाल ने कहा कि राजस्थान में वसुंधरा राजे के खेमे को खत्म करने की साजिश रची जा रही है, मुझे वसुंधरा राजे के खेमे का माना जाता है। वसुंधरा राजे जी क्या निर्णय लेंगी, यह तो नहीं पता, लेकिन मैं चुनाव लुडूंगा और बीजेपी के उम्मीदवार को हजारों वोटों से हराकर दिखाउंगा।

अर्जुन मेघवाल पर लगाए गए आरोपों को लेकर कैलाश मेघवाल ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक लंबी-चौड़ी चिट्ठी लिखकर भेजी है।

अर्जुन मेघवाल ने चुनाव आयोग को झूठा एफि​डेविट दिया

कैलाश मेघवाल ने कहा- अर्जुन मेघवाल भ्रष्ट अफसर रहे हैं। उद्योग सेवा से लेकर कलेक्टर रहने तक अर्जुन मेघवाल ने कई भ्रष्टाचार किए। उन्होंने चूरू में कलेक्टर रहते हुए शहीद सैनिक की वीरांगना के कोटे की जमीन हाउसिंग बोर्ड से गलत लोगों को आवंटित की थी। इसकी शिकायत हुई और एसीबी ने मामला दर्ज किया। दो बार जांच हुई। दबाव में एफआर पेश की। सेशन कोर्ट जज ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि इस केस में दबाव बनाया जा रहा है।

मेघवाल ने कहा- अर्जुन मेघवाल ने चुनाव आयोग को झूठा एफि​डेविट दिया था। चुनावी हलफनामे में अपने खिलाफ चल रहे भ्रष्टाचार के केस की जानकारी नहीं दी। चुनावी एफिडेविट में गलत जानकारी देना कानूनी अपराध है। इनके खिलाफ केस चल सकता है और उनका मंत्री पद व सांसदी जा सकती है। मैंने पीएम मोदी को भी अर्जुन मेघवाल को हटाने के लिए चिट्ठी लिखी है। मैंने ये सारी बातें प्रधानमंत्री को लिख कर दी हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि प्रधानमंत्री जी इस पर एक्शन लेंगे

राजस्थान भाजपा का स्वास्थ्य ठीक नहीं है

आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की स्थिति को लेकर कैलाश मेघवाल ने कहा कि राजस्थान भाजपा का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, इसलिए देश के सारे नेताओं को यहां लाया जा रहा है। प्रधानमंत्री से लेकर जेपी नड्डा और बड़े-बड़े मंत्रियों को यहां पर उतरा जा रहा है। सारे पदाधिकारियों को राजस्थान में लगाया जा रहा है। अगर हालत ठीक होते तो हिंदुस्तान की पूरी सरकार राजस्थान में क्यों उतर रही है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version