मानसून 13-14 सितंबर से पूर्वी राजस्थान में पुनः सक्रिय होगा
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उमस और तेज गर्मी के दौर के बीच गुरूवार दोपहर उदयपुर शहर सहित आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश से उमस और गर्मी से राहत मिली।
शहर में सुबह से ही बादलों की मौजूदगी बनी रही। इसी बीच पहले शहर के आसपास के कुछ गांवों में बारिश का दौर शुरू हुआ। दोपहर करीब पौने एक बजे शहर में भी बारिश शुरू हुई। बारिश का यह दौर करीब दस मिनट चला। उसके बाद फिर से धूप निकल आई। दोपहर करीब ढाई बजे शहर में हवा का दौर चला और बादलों की गर्जना के बीच फिर से बारिश का दौर शुरू हुआ। सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटों में भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर में सर्वाधिक 17 मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विभाग द्वारा जारी नए पूर्वानुमान अनुसार वर्तमान में एक परिसंचरण तंत्र उड़ीसा, छत्तीसगढ़ के ऊपर बना हुआ है व आज मानसून ट्रफ लाइन जैसलमेर, कोटा से होकर गुजर रही है। उसके असर से आज कोटा, उदयपुर व भरतपुर संभाग में संभाग के कुछ भागों में जबकि अजमेर, जयपुर व जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
10 सितंबर से राज्य में बारिश की गतिविधियों में होगी कमी
मौसम विभाग के अनुसार कोटा, उदयपुर, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियां 9 सितंबर को भी जारी रहने की संभावना है। शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के आसार हैं। 10 सितंबर से राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी होगी तथा केवल पूर्वी राजस्थान में छुटपुट बारिश होने की संभावना रहेगी।
13-14 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में पुनः सक्रिय होगा मानसून
13-14 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में एक बार पुनः मानसून सक्रिय होने व कुछ भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। आगामी दो.तीन दिन पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर जिलों में अधिकतम तापमान औसत से 2.5 डिग्री से. अधिक रहने की प्रबल संभावना है।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

