विभागीय नोटिस पर कार्रवाई नहीं करने की एवज में चल रहा था लेन-देन
जयपुर,एआर लाइन न्यूज। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने बुधवार को पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता सुबोध कुमार मलिक, एक्सईएन जितेन्द्र कुमार जैन और एईएन अनंत कुमार गुप्ता को 10 लाख रूपए रिश्वत लेते-देने गिरफ्तार किया है (ACB Rajasthan arrests PWD Officers)। अधिकारियों के बीच रिश्वत का यह लेन-देन विभागीय नोटिस पर कार्रवाई नहीं करने की एवज में चल रहा था।
एसीबी एडीजी हेमन्त प्रियदर्शी ने बताया कि एसीबी मुख्यालय को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि डूंगरपुर पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन जितेन्द्र कुमार जैन को विभागीय स्पष्टीकरण नोटिस मिला हुआ था। इस नोटिस पर कार्रवाई नहीं करने की एवज पीडब्ल्यूडी मुख्यालय के मुख्य अभियंता सुबोध कुमार मलिक बांसवाड़ा में लगे एईएन अनंत कुमार गुप्ता के जरिए जितेन्द्र कुमार से 10 लाख रुपये की रिश्वत राशि मांग रहे थे। इनके बीच रिश्वत का लेन-देन होना तय हो गया था।
सर्विलांस पर तीनों अधिकारियों लिया, रिश्वत राशि का लेन-देन मुख्य अभियंता के घर होना था
एसीबी मुख्यालय डीआईजी रणधीर सिंह के सुपरवीजन में टीम ने गोपनीय सूचना की तकनीकी माध्यम से निगरानी कर पुष्टि की। डवलप हुई सूचना के अनुसार आज बुधवार को इन अधिकारियों के बीच रिश्वत राशि का लेन-देन मुख्य अभियंता सुबोध कुमार के जयपुर के निर्माण नगर स्थित घर पर होना तय हुआ था। 10 लाख रूपए लेकर जितेन्द्र कुमार जैन और अनंत कुमार मुख्य अभियंता सुबोध कुमार मलिक के निर्माण नगर स्थित घर पहुंच गए।
जैसे ही अधिकारियों के बीच 10 लाख रूपए रिश्वत राशि का लेन-देन हुआ एसीबी टीम ने सुबोध कुमार मलिक के घर पर दबिश दी। तीनों अधिकारी जयपुर के शांतिनगर, निर्माण नगर निवासी मुख्य अभियंता सुबोध कुमार मलिक पुत्र डीपी मलिक, डूंगरपुर के आदर्श नगर निवासी एक्सईएन डूंगरपुर जितेन्द्र कुमार जैन पुत्र छोटेलाल और बांसवाड़ा के माही सरोवर कॉलोनी निवासी एईएन एनएच पीडब्ल्यूडी बांसवाड़ा अनंत कुमार गुप्ता पुत्र रमन लाल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी की टीमों ने तीनों अधिकारियों की गिरफ्तारी के साथ ही इनके घरों पर दबिश दी और तलाशी अभियान जारी है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

