कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पर्यवेक्षकों को सीधे शब्दों में चेताया
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। आगामी विधानसभा चुनाव में उदयपुर शहर से कांग्रेस में स्थानीय व्यक्ति को ही टिकट देने की मांग तेज हो रही है।
शनिवार को सूचना केंद्र के सभागार में एआईसीसी पर्यवेक्षक कांतिभाई खराड़ी, पीसीसी पर्यवेक्षक मुरारीलाल मीणा और भजनलाल जाटव से मिलने पहुंचें कार्यकर्ताओं ने साफ कह दिया कि आउटर को टिकट दिया तो वह आउट हो जाएगा, टिकट तो लोकल को ही मिलना चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने पर्यवेक्षकों से कहा कि संगठन के लिए जमीनी स्तर पर स्थानीय कार्यकर्ता ही काम करता है। ऐसे में टिकट पर पहला हक भी स्थानीय का ही बनता है। उसके बाद भी बाहरी व्यक्ति को टिकट दिया जाता है तो चुनावी मैदान में उसका खामियाजा भुगतना तय है। बैठक में शहर जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। पर्यवेक्षकों ने कहा कि आपकी भावना हम पीसीसी और एआईसीसी को बता देंगे।
पर्यवेक्षकों की रवानगी के समय आपस में उलझे कांग्रेसी
दावेदारी प्रक्रिया के बाद पर्यवेक्षक भजनलाल जाटव और मुरारीलाल मीणा के सामने कार्यकर्ता आपस में उलझ गए। दो धड़ों में बंटे कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के जोश के बीच कार्यकर्ताओं में धक्का मुक्की भी हो गई। पर्यवेक्षक मुरारी मीणा कार्यकर्ताओं को शांत करने काफी मशक्कत करते नजर आए।
पुलिस भी माहौल शांत करवाने में लगी रही। शहर जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ ने तर्क दिया है कि यह टकराव नहीं है, कार्यकर्ताओं का जोश है। युवाओं में थोड़ा जोश तो होता है, लेकिन अनुशासन होना जरूरी।
डिसक्लेमर:एआर लाइव न्यूज(AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

