व्यापारी की मौत के विरोध में व्यापारियों ने बंद रखा बाजार, थाने के बाहर किया प्रदर्शन
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र के लापता किराणा व्यापारी मोहनलाल नागदा का शव शनिवार को रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म पर रखी बैंच पर मिला। व्यापारी हनी ट्रेप से पीड़ित थे, आरोपी महिला तारा मीणा और उसका पति देवीलाल व्यापारी मोहनलाल नागदा को हनी ट्रेप में फंसाकर पिछले कुछ समय से ब्लैकमेल कर धमका रहे थे और 25 लाख रूपए की मांग कर रहे थे। (honey trap case udaipur)
व्यापारी का शव मिलने के बाद से ही सवीना व्यापार मंडल के व्यापारी इकट्ठे हो गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाने के बाहर प्रदर्शन किया। व्यापारी की मौत की सूचना पर विधायक फूल सिंह मीणा भी मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सवीना बाजार बंद रखा। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने बताया कि व्यापारी मोहन नागदा दो दिन पहले एक लेटर छोड़कर घर से चले गए थे और तब से लापता थे। परिजनों ने पुलिस को सूचना भी दे दी थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें तलाशने में ज्यादा गंभीरता नहीं बरती।
ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है : थानाधिकारी
सवीना थानाधिकारी ने बताया कि व्यापारी के परिजनों ने शुक्रवार 25 अगस्त को थाने पर मोहनलाल नागदा के लापता होने की रिपोर्ट दी थी और व्यापारी का लेटर देकर आरोपियों की जानकारी दी थी। पुलिस ने तत्काल आरोपी महिला हेमा उर्फ तारा मीणा और उसके पति देवीलाल के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कर उन्हें शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर लिया था।। प्रारंभिक तौर पर यह हनीट्रैप का मामला सामने आ रहा है। हम व्यापारी मोहनलाल को तलाश कर ही रहे थे कि आज शनिवार सुबह उदयपुर रेलवे स्टेशन पर लापता व्यापारी मोहनलाल नागदा का शव मिला है। शव मोरचरी में रखवाकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। मोहनलाल नागदा दो दिन पहले घर पर एक लेटर छोड़कर गए थे। अग्रिम अनुसंधान जारी है।
शव रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म पर रखी एक बैंच पर मिला है। शव कुछ नीला पड़ गया था। प्रथमदृष्ट्या मौत किसी जहरीले पदार्थ को खाने से होना प्रतीत हो रहा है। हालां कि मौत कैसे हुई यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लगेगा।
व्यापारी ने लेटर में लिखा यह ब्लैकमेलिंग गिरोह है
व्यापारी के लापता होने से पहले उसने घर पर एक लेटर लिखकर छोड़ा था। लेटर में व्यापारी मोहनलाल नागदा ने लिखा था कि तारा मीणा सिंगर कॉल करके व अश्लील बातें कर ब्लैकमेल कर रिकॉर्डिंग करके डरा कर रूपए मांगने की गैंग है। दुकान से पहले कुछ सामान ले जाकर और उधार करके फोन किया और उस पर अश्लील बात कर रिकॉर्डिंग कर ली। तारा मीणा दुकान पर बोलेरो गाड़ी में आयी, उसके साथ उसका पति और अन्य लोग थे। वे मुझे जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए और मारपीट की। फिर मुझे कल दोबारा दुकान पर आकर बदनाम करने की धमकी देकर छोड़ गए।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज(AR Live News)से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

